
चार किशोर लापता(Img: Social Media)
Sonbhadra: सोनभद्र जिले में मंगलवार को दो अलग-अलग जल क्षेत्रों से चार किशोरों के लापता होने की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। कोन थाना क्षेत्र की सोन नदी और शक्तिनगर के रिहंद जलाशय में नहाने गए चार किशोर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। आशंका जताई जा रही है कि सभी गहरे पानी में डूब गए हैं। देर शाम तक चले सर्च ऑपरेशन में कोई सफलता नहीं मिल सकी।
पहली घटना कोन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत हर्रा के सोनझर टोला की है। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे कृष्णा निषाद (13) और पवन निषाद (14) अपने दोस्तों के साथ सोन नदी में नहाने पहुंचे थे। नहाते समय दोनों किशोर गहरे पानी की ओर चले गए और फिर दिखाई नहीं दिए। दोस्तों ने तलाश की लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। सूचना मिलने पर पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और करीब पांच घंटे तक खोजबीन करती रही।
दूसरी घटना शक्तिनगर क्षेत्र के कोटा स्थित रिहंद जलाशय के बोट प्वाइंट के पास हुई। यहां अंकित दास (17) और पीयूष सिंह (17) नहाने और रील बनाने के लिए पहुंचे थे। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। घटनास्थल के पास दोनों के कपड़े और अन्य सामान मिले, जिससे डूबने की आशंका और गहरा गई।
पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक एनडीआरएफ और एसडीआरएफ को भी सूचना भेजी गई है। एक किशोर का मोबाइल फोन घटनास्थल से कुछ दूरी पर जंगल क्षेत्र में बरामद हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पिछले 15 दिनों में सोन नदी में डूबने की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले मई में दो छात्रों की नदी में डूबने से मौत हो चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी किनारे सुरक्षा इंतजाम और चेतावनी संकेतों की कमी के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। प्रशासन के लिए यह चिंता का विषय बनता जा रहा है।
Location : Sonbhadra
Published : 3 June 2026, 10:35 AM IST