
दो आरोपी गिरफ्तार, आठ बाइक बरामद (Source: Dynamite News)
Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा खत्म होते ही पुलिस ने बाइक चोरी के एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो श्रद्धालुओं की भीड़ का फायदा उठाकर मोटरसाइकिलों को निशाना बना रहा था। सिविल लाइन पुलिस ने गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर आठ चोरी की मोटरसाइकिल, फर्जी नंबर प्लेट और नकदी बरामद की है। पूछताछ में कई शहरों में चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जावेद उर्फ सबलू निवासी कवाल और आस मोहम्मद उर्फ आशू निवासी छछरौली, सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को संधावली अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया।
आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर आठ चोरी की मोटरसाइकिल, एक फर्जी नंबर प्लेट और चार हजार रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पूछताछ में सामने आया कि जावेद अपने सगे भाई शाहरुख के साथ मिलकर बाइक चोरी करता था। इसके बाद चोरी की मोटरसाइकिलों को सहारनपुर निवासी आस मोहम्मद को बेच दिया जाता था।
पुलिस के मुताबिक, कांवड़ यात्रा के दौरान मुजफ्फरनगर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और वाहनों की आवाजाही का फायदा उठाकर आरोपियों ने कई बाइक चोरी कीं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यात्रा के दौरान गिरोह ने कुल कितनी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाया।
दो दिन की राहत के बाद फिर आफत! यूपी के 11 जिलों में बारिश-वज्रपात का अलर्ट, कहीं आपका जिला तो नहीं?
SSP संजय कुमार वर्मा ने पुलिस लाइन सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि आरोपियों ने शिव चौक के पास एसडी मार्केट और साईं अस्पताल के पास से बाइक चोरी की थी। पूछताछ में कोर्ट रोड से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार 11 अगस्त को सूचना मिली थी कि आरोपी संधावली अंडरपास के पास चोरी की बाइक लेकर खड़े हैं और किसी दूसरी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
चंदौली में आधी रात चली गोलियां, इनामी बदमाश से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार
पूछताछ में आरोपियों ने मुजफ्फरनगर के अलावा यमुनानगर, रुड़की, चंडीगढ़ और नोएडा से भी बाइक चोरी करने की बात कबूल की है। इससे पुलिस को आशंका है कि गिरोह का नेटवर्क कई शहरों तक फैला हो सकता है।
पुलिस अब आरोपियों के तीसरे साथी और चोरी की अन्य वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही बरामद मोटरसाइकिलों के वास्तविक मालिकों का पता लगाया जा रहा है।
कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस पहले से ही बाइक चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों को लेकर सतर्क थी। यात्रा समाप्त होने के बाद हुई इस कार्रवाई से पुलिस ने एक सक्रिय बाइक चोर गिरोह तक पहुंच बनाई है। अब जांच का सबसे बड़ा सवाल यह है कि इस गिरोह ने कांवड़ यात्रा की भीड़ का फायदा उठाकर कितनी और बाइक चोरी की थीं।
Location : Muzaffarnagar
Published : 13 August 2026, 8:08 AM IST
Topics : muzaffarnagar news Police Action up crime