
युवक का कमरे में लटका मिला शव (IMG: Dynamite News)
Sitapur: सीतापुर के बिसवां क्षेत्र के झझर मोहल्ले में सोमवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 22 वर्षीय युवक का शव उसके कमरे में कुंडे से लटका मिला। युवक की पहचान आदर्श पुत्र राकेश कुमार के रूप में हुई है। कमरे के अंदर बेटे का शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतरवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया।
परिजनों के मुताबिक आदर्श सोमवार सुबह अपने कमरे में सो रहा था। परिवार के लोगों ने सोचा कि वह सो रहा है, लेकिन दोपहर करीब चार बजे तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों को चिंता होने लगी। इसके बाद परिवार के लोगों ने कमरे में झांककर देखा तो उनके होश उड़ गए। आदर्श चादर के सहारे कमरे के कुंडे से लटका हुआ था। यह देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
बेटे को तड़पता देख दौड़े पिता, कुछ ही पलों में दोनों की थम गई सांसें; पढ़ें सीतापुर की सनसनीखेज खबर
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा बंद होने के कारण पुलिस ने उसे तोड़कर अंदर प्रवेश किया और युवक के शव को नीचे उतरवाया। पुलिस ने मौके की जांच करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मोहल्ले के लोगों के मुताबिक आदर्श पिछले कुछ दिनों से अपने माता-पिता से बुलेट मोटरसाइकिल दिलाने की मांग कर रहा था। बताया जा रहा है कि परिजनों ने उसे बुलेट दिलाने की बात भी कही थी। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर ऐसी क्या वजह रही कि युवक ने यह कदम उठा लिया।
परिजनों के अनुसार आदर्श परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी एक छोटी बहन भी है। बेटे की मौत की खबर के बाद माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में कुछ घंटे पहले तक सब कुछ सामान्य था, वहां अचानक मातम पसर गया। परिजन बार-बार आदर्श को याद कर रहे हैं। युवक की मौत ने परिवार के सामने कई सवाल छोड़ दिए हैं, जिनके जवाब अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मिलने की उम्मीद है।
प्रभारी निरीक्षक राम राघव ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Sitapur
Published : 7 September 2026, 7:10 PM IST