हिंदी
सीतापुर में दर्दनाक हादसा (Img: Dynamite News)
Sitapur: रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के बसावनपुर गांव में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के निर्देश पर संयुक्त स्वास्थ्य टीम ने पर्वतपुर चौराहे स्थित विद्या मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। जांच में मेडिकल स्टोर के पीछे बने कमरे में बिना वैध लाइसेंस व पंजीकरण के क्लीनिक संचालित होने की पुष्टि हुई। टीम ने कमरे को सील कर दिया।
जांच के दौरान कमरे से प्रसव और जच्चा-बच्चा के उपचार में इस्तेमाल होने वाले उपकरण व अन्य सामग्री भी बरामद हुई। कार्रवाई के समय पुलिस और ग्रामीण मौजूद रहे। वहीं, क्लीनिक संचालक अजय सिंह घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें - Sitapur News: बारिश बन गई काल! अचानक गिरी कच्ची दीवार, मलबे में दबकर 52 साल की महिला की मौत
बसावनपुर निवासी सावित्री पत्नी अशोक कुमार तीन सितंबर को पर्वतपुर चौराहे स्थित विद्या मेडिकल स्टोर पर प्रसव के लिए पहुंची थीं। परिजनों का आरोप है कि मेडिकल स्टोर के पीछे बने कमरे में उनका प्रसव कराया जा रहा था। इसी दौरान गर्भ में ही बच्चे की मौत हो गई। इसके बावजूद महिला का उपचार जारी रखा गया। हालत बिगड़ने पर सावित्री को महमूदाबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उसकी भी मौत हो गई।
जच्चा-बच्चा की मौत की जानकारी मिलने पर शुक्रवार को बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण पर्वतपुर चौराहे पर पहुंच गए। कार्रवाई की मांग को लेकर शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया गया, जिससे चौराहे पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया।
मामले में पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने डॉक्टर के खिलाफ BNS की धारा 105 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इसके अलावा बिना वैध चिकित्सकीय योग्यता और पंजीकरण के प्रैक्टिस करने के आरोप में National Medical Commission Act, 2019 की धारा 34(2) के तहत भी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें - Sitapur News: रोशनी बांटने वाले के घर छाया अंधेरा; जिस पोल पर कर रहा था काम, हाईटेंशन करंट ने वहीं बुझा दी जिंदगी
सावित्री की मौत से उसकी पांच और तीन वर्ष की बेटियां अंजलि और मुस्कान मां के स्नेह से वंचित हो गईं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के बाद अब फरार संचालक अजय सिंह की तलाश की जा रही है।
Location : Sitapur
Published : 5 September 2026, 5:34 PM IST
Topics : Sitapur News Sitapur Police UP News