
शादी के 20 घंटे बाद दूल्हा-दुल्हन की मौत(Img: Pinterest)
Siddharthnagar: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के बांसी कोतवाली क्षेत्र के जनियाजोत गांव में शादी की खुशियां महज कुछ घंटों में मातम में बदल गईं। सोमवार को विवाह के बंधन में बंधे 21 वर्षीय देशराज चौहान और 19 वर्षीय अनीता के शव मंगलवार सुबह उनके कमरे में मिले। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
परिजनों के मुताबिक, मंगलवार सुबह जब देशराज की मौसी नवदंपती को जगाने के लिए कमरे में पहुंचीं तो दरवाजा खुला था। कमरे के अंदर देशराज का शव फंदे पर लटका मिला, जबकि अनीता बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ी थीं। यह दृश्य देखकर मौसी ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
एक्सप्रेस बनी ट्रेन और छिन गया स्टॉप, सिद्धार्थनगर के दो प्रमुख स्टेशनों के यात्रियों को झटका
बताया गया कि जनियाजोत निवासी देशराज चौहान और जोगिया थाना क्षेत्र के कड़जहवा गांव की रहने वाली अनीता के बीच काफी समय से प्रेम संबंध था। दोनों परिवारों ने रिश्ते को स्वीकार करते हुए अप्रैल में शादी तय की थी। देशराज करीब 20 दिन पहले मुंबई से अपने गांव लौटा था। उसके गांव लौटने की जानकारी मिलने के बाद अनीता भी उसके घर आ गई थीं।
परिजनों की आपसी सहमति के बाद सोमवार दोपहर करीब दो बजे बांसी स्थित टेकधर मंदिर में दोनों का विवाह कराया गया। शादी के बाद घर में रिश्तेदारों और परिचितों के लिए प्रीतिभोज का आयोजन भी हुआ। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद परिवार के सभी लोग अपने-अपने कमरों में सोने चले गए।
सुबह कमरे का नजारा देखकर मची चीख-पुकार
मंगलवार सुबह जब नवदंपती काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आए तो देशराज की मौसी उन्हें जगाने पहुंचीं। कमरे का दरवाजा खुला था। अंदर दोनों को मृत देखकर उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों को जानकारी दी। कुछ ही देर में घर और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
‘जनता की सुनवाई, जवानों का ख्याल’ सिद्धार्थनगर में DM-SSP का कड़ा रुख, नई सहूलियतों का आगाज
देशराज के पिता ने घटना की सूचना बांसी कोतवाली पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक महेंद्र प्रताप चतुर्वेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका वास्तविक कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। शादी के अगले ही दिन हुई इस घटना से गांव में भी शोक का माहौल है।
Location : Siddharthnagar
Published : 22 September 2026, 8:23 PM IST