कर्ज, धमकियां और मौत! देवरिया में युवक की आत्महत्या से मचा हड़कंप, सूदखोरों पर गंभीर आरोप

देवरिया के बैतालपुर में कथित सूदखोरों की प्रताड़ना और जान से मारने की धमकियों से परेशान एक युवक ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने दो लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आखिर क्या है पूरा मामला, पढ़िए विस्तृत रिपोर्ट।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 5 August 2026, 1:38 PM IST

Deoria: देवरिया जिले के बैतालपुर नगर में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। परिजनों का आरोप है कि युवक को कथित सूदखोर लगातार ब्याज के नाम पर प्रताड़ित कर रहे थे और जान से मारने की धमकियां दे रहे थे। इसी मानसिक दबाव के चलते युवक ने घर के अंदर फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

व्यवसाय के लिए लिया था कर्ज

जानकारी के मुताबिक बैतालपुर नगर के गांधी वार्ड नंबर-10 निवासी रितेश बरनवाल पुत्र अजय बरनवाल ने अपना कारोबार बढ़ाने के लिए कुछ समय पहले कर्ज लिया था। आरोप है कि यह रकम देवरिया सदर कोतवाली क्षेत्र के बोडिया गांव निवासी वरुण राव और बैतालपुर निवासी आसित राय से ली गई थी। परिजनों का कहना है कि शुरुआत में लिया गया कर्ज बाद में चक्रवृद्धि ब्याज के चलते लगातार बढ़ता चला गया और दोनों आरोपी युवक पर अधिक रकम लौटाने का दबाव बनाने लगे।

देवरिया में यूरिया की अवैध तस्करी पर बड़ा एक्शन, बिहार जा रही खाद से भरी पिकअप जब्त; तीन पर FIR

सड़क पर रोककर मारपीट और धमकी देने का आरोप

परिजनों ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि 31 जुलाई की रात औरा चौरी के पास दोनों आरोपियों ने रितेश को रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि वहां उसके साथ मारपीट की गई और जल्द से जल्द पूरी रकम लौटाने का दबाव बनाया गया। इतना ही नहीं, जान से मारने की धमकी भी दी गई।

घर पहुंचते ही उठा लिया खौफनाक कदम

परिजनों के मुताबिक घटना वाली रात रितेश घर पहुंचा और सीधे अपने कमरे में चला गया। उसने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिवार के लोगों ने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जब दरवाजा खोला गया तो रितेश पंखे की कुंडी से फंदे पर लटका मिला।

तेज रफ्तार वाहन चालकों की अब खैर नहीं, देवरिया पुलिस के बेड़े में शामिल हुआ इंटरसेप्टर वाहन

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

सूचना मिलते ही गौरी बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

दो लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा

गौरी बाजार थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

Location :  Deoria

Published :  5 August 2026, 1:38 PM IST