
रामपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी (IMG: AI Generated)
Rampur: रामपुर में दहेज को लेकर एक विवाहिता के साथ ऐसी हैवानियत का आरोप लगा है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। आरोप है कि ससुराल वालों ने पहले महिला पर मायके की जमीन बेचकर पैसे लाने का दबाव बनाया और जब उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो उसे कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद उसके हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से प्रताड़ित किया गया। इतना ही नहीं, आरोप है कि गर्म धातु से उसके निजी अंग को जलाया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी पति को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।
पूरा मामला रामपुर के केमरी थाना क्षेत्र के भटपुरा तारन गांव से जुड़ा है। पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक टांडा थाना क्षेत्र के शिकारपुर उर्फ पहाड़पुर निवासी इसरार ने अपनी भतीजी नसरीन के साथ हुई कथित हैवानियत की जानकारी दी। बताया गया कि नसरीन की शादी वर्ष 2013 में केमरी थाना क्षेत्र के भटपुरा तारन निवासी इसरार उर्फ गुड्डू के साथ हुई थी। शादी के बाद वह अपने ससुराल में रहने लगी। परिवार में नसरीन के चार बेटियां और एक बेटा भी हैं।
परिजनों का आरोप है कि नसरीन के माता-पिता की मौत के बाद उसकी मायके की संपत्ति में उसका भी हिस्सा था। बताया गया कि उसके पिता की संपत्ति सात बेटियों के नाम दर्ज थी। आरोप है कि इसके बाद ससुराल पक्ष के लोग नसरीन पर जमीन बेचकर पैसे लाने का दबाव बनाने लगे। शिकायत में पति इसरार उर्फ गुड्डू के अलावा ससुर, ननद, नंदोई और अन्य रिश्तेदारों पर भी महिला को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है।
मामले में सबसे गंभीर आरोप 14 अगस्त की रात की घटना को लेकर लगाया गया है। शिकायत के मुताबिक रात करीब दो बजे नसरीन को कमरे में बंद कर दिया गया। आरोप है कि इसके बाद उसके हाथ-पैर बांध दिए गए और उसके साथ बर्बरता की गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि गर्म धातु से नसरीन के निजी अंग को जलाया गया और इसी दौरान उसकी हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलने के बाद केमरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक पति समेत छह लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाली प्रभारी जीत सिंह के अनुसार आरोपी पति इसरार उर्फ गुड्डू को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए जाने का आरोपित बिजली का तार समेत अन्य सामान बरामद किया गया है।
नसरीन की मौत के बाद उसके पीछे चार बेटियां और एक बेटा रह गए हैं। जिस मां के सहारे बच्चे अपनी जिंदगी आगे बढ़ा रहे थे, उसकी अचानक और कथित बर्बर हत्या ने परिवार को झकझोर दिया है। मायके पक्ष का आरोप है कि अगर समय रहते महिला की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाता तो शायद यह घटना टाली जा सकती थी।
Location : Rampur
Published : 16 August 2026, 8:21 PM IST