
जांच में जुटी पुलिस
Amethi: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में एक 16 वर्षीय किशोर की बेरहमी से हत्या कर शव खेत में फेंके जाने की घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है। बर्थडे पार्टी में शामिल होने के बाद लापता हुए किशोर का शव अगले ही दिन मिलने से गांव में मातम और दहशत दोनों का माहौल है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
यह घटना अमेठी जिले के जायस कोतवाली के अंतर्गत पूरे बख्शी मजरे बहादुरपुर गांव की है, जहां 16 वर्षीय आरेंद्र की हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह ग्रामीण जब खेतों की ओर गए तो उन्हें एक किशोर का शव पड़ा मिला, जिसकी सूचना तुरंत परिजनों और पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में पूरे गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
अमेठी में बंधक बनाकर लूट करने वाले गैंग पर पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक, दो आरोपी धर दबोचे गए
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं, जिससे यह स्पष्ट हो रहा है कि हत्या बेहद बेरहमी से की गई है। प्रारंभिक जांच में मामला साफ तौर पर हत्या का प्रतीत हो रहा है।
परिजनों के अनुसार, आरेंद्र बृहस्पतिवार रात गांव में आयोजित एक बर्थडे पार्टी में गया था, जहां डीजे कार्यक्रम भी चल रहा था। रात करीब 12 बजे वह घर लौटा था, लेकिन कुछ देर बाद उसे फिर से बुलाया गया और वह वापस चला गया। इसके बाद वह घर नहीं लौटा और अगली सुबह उसका शव खेत में मिला।
घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जायस और मोहनगंज पुलिस के साथ सीओ तिलोई और अपर पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया
Location : Amethi
Published : 5 June 2026, 10:29 AM IST