सहारनपुर में आशाराम के आश्रम में सेवादार की हत्या, लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप

सहारनपुर में अंबाला रोड स्थित एक आश्रम में रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक सेवादार ने दूसरे सेवादार के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 15 May 2026, 6:49 PM IST
Saharanpur: सहारनपुर में अंबाला रोड स्थित एक आश्रम में रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक सेवादार ने दूसरे सेवादार के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं बढ़ाते हुए फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

आश्रम में हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार अंबाला रोड पर स्थित आशाराम बापू का Bhakt Vatsalya Ashram में ओडिशा निवासी भरत पिछले कई वर्षों से रहकर सेवा कर रहा था। पुलिस के मुताबिक दो दिन पहले आश्रम में रुपये के लेनदेन को लेकर भरत और गौरव के बीच विवाद हो गया था।

आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर गौरव ने लोहे की रॉड से भरत के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद भरत मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद आश्रम में अफरातफरी मच गई।

इलाज के दौरान हुई मौत

घटना के बाद आश्रम में मौजूद लोगों ने घायल भरत को राजकीय मेडिकल कॉलेज पिलखनी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे अंबाला के मुलाना स्थित हायर सेंटर रेफर कर दिया।

उपचार के दौरान शुक्रवार सुबह भरत की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पांच लाख रुपये के लेनदेन की चर्चा

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच करीब पांच लाख रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी आश्रम पहुंचे और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की। मामले में कई लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

हत्या की धाराएं बढ़ीं, आरोपी फरार

Vyom Bindal ने बताया कि पहले आरोपी गौरव के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था, लेकिन भरत की मौत के बाद मामले में हत्या की धाराएं बढ़ा दी गई हैं।

पुलिस फिलहाल फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।

Location :  Saharanpur

Published :  15 May 2026, 6:49 PM IST