तमिलनाडु एक्सप्रेस में मानव अंग मिलने से सनसनी, बदबू बना सबसे बड़ा सुराग; चेन्नई तक पहुंचेगी जांच

आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर तमिलनाडु एक्सप्रेस की जनरल बोगी से मानव अंगों से भरा संदिग्ध ट्रॉली बैग मिलने से सनसनी फैल गई। बदबू आने पर यात्री की सूचना के बाद GRP और RPF ने बैग बरामद किया। पुलिस हत्या, मानव अंगों की तस्करी समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और चेन्नई तक जांच का दायरा बढ़ाया गया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 5 August 2026, 2:56 PM IST

Agra: उत्तर प्रदेश के आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब चेन्नई से नई दिल्ली जा रही तमिलनाडु एक्सप्रेस की जनरल बोगी से एक ट्रॉली बैग के अंदर मानव अंग बरामद हुए। बैग से लगातार तेज बदबू और लिक्विड निकलने की शिकायत मिलने के बाद जीआरपी और आरपीएफ ने कार्रवाई की। शुरुआती जांच में बरामद मानव अंग काफी गल चुके और काले पड़ चुके मिले हैं। घटना के बाद हत्या, शव को ठिकाने लगाने और मानव अंगों की तस्करी जैसे कई एंगल पर जांच शुरू कर दी गई है।

यात्री की सतर्कता से खुला मामला

जानकारी के मुताबिक, तमिलनाडु एक्सप्रेस की जनरल बोगी में सफर कर रहे एक यात्री को एक लावारिस ट्रॉली बैग से तेज बदबू आने लगी। कुछ ही देर बाद बैग से तरल पदार्थ भी रिसता दिखाई दिया। यात्री ने तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 139 पर इसकी सूचना दी। सूचना कंट्रोल रूम तक पहुंची, जिसके बाद संबंधित एजेंसियों को अलर्ट किया गया।

आगरा कैंट पर खुला ट्रॉली बैग

बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे जैसे ही तमिलनाडु एक्सप्रेस आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर पहुंची, जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। संदिग्ध ट्रॉली बैग को कब्जे में लेकर उसकी तलाशी ली गई। बैग खुलते ही पुलिस भी सन्न रह गई, क्योंकि उसके अंदर मानव अंग मिले। पुलिस के अनुसार, बरामद अंग काफी समय पुराने प्रतीत हो रहे हैं। वे बुरी तरह गल चुके हैं और उनका रंग काला पड़ चुका है। इसके चलते फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि अंग किसी पुरुष के हैं या महिला के।

2027 के महासमर का आगाज: 5 अगस्त को आगरा से चुनावी अभियान की शुरुआत करेगी समाजवादी पार्टी

पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच शुरू

बरामद मानव अंगों को पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। विशेषज्ञ यह पता लगाने की कोशिश करेंगे कि अंग कितने पुराने हैं, उन्हें किस तरह काटा गया और उनकी पहचान कैसे की जा सकती है। डीएनए जांच की भी तैयारी की जा रही है ताकि मृतक की पहचान संभव हो सके।

चेन्नई से जुड़ रहे जांच के तार

जीआरपी के अधिकारियों ने बताया कि ट्रॉली बैग पर मिले रैपर और अन्य संकेतों से शुरुआती आशंका है कि बैग चेन्नई से ही ट्रेन में रखा गया था। इसी आधार पर जांच का दायरा अब दक्षिण भारत तक बढ़ाया जा रहा है। जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम चेन्नई जाकर वहां के रेलवे स्टेशनों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य रिकॉर्ड की जांच करेगी।

आगरा में मरने के बाद जिंदा हुई महिला, अंतिम संस्कार में बोली- अरे कहां ले जा रहे मुझे, मैं जिंदा हूं…

हत्या, शव ठिकाने लगाने या तस्करी?

पुलिस फिलहाल किसी एक निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। जांच अधिकारी हत्या के बाद शव के टुकड़े कर ट्रेन के जरिए ठिकाने लगाने, मानव अंगों की अवैध तस्करी या किसी अन्य आपराधिक साजिश समेत सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रहे हैं। क्योंकि बैग लावारिस मिला है, इसलिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसे ट्रेन में कौन लेकर आया और किस स्टेशन पर छोड़ा गया।

जीआरपी ने क्या कहा

जीआरपी के क्षेत्राधिकारी राजेश दीक्षित ने बताया कि 139 हेल्पलाइन पर सूचना मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई की गई। आगरा कैंट स्टेशन पर बैग को कब्जे में लेकर जांच की गई, जिसमें मानव अंग मिलने की पुष्टि हुई। उन्होंने कहा कि शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले की गहन जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।

Location :  Agra

Published :  5 August 2026, 2:56 PM IST