एक महीने में उजड़ गया परिवार, पहले बेटे की मौत और अब पिता ने भी गंवाई जान; सासनी हादसे से मचा कोहराम

हाथरस के सासनी में सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे ने एक परिवार को फिर गहरे सदमे में डाल दिया। 65 वर्षीय किसान की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। खास बात यह है कि करीब एक महीने पहले ही उनके बेटे की भी सड़क हादसे में जान गई थी।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 28 September 2026, 4:22 PM IST

Hathras: हाथरस के सासनी कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। गांव सठिया के पास गैस एजेंसी के नजदीक साइकिल से बाजार की ओर जा रहे 65 वर्षीय किसान रामबाबू सिंह को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस अब उस वाहन की पहचान करने में जुटी है, जिसने किसान को टक्कर मारी थी।

सीसीटीवी फुटेज से वाहन की तलाश

हादसे के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का प्रयास है कि फुटेज के जरिए अज्ञात वाहन की पहचान हो सके और हादसे की पूरी तस्वीर सामने आए।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम कराया। फिलहाल हादसे की परिस्थितियों को लेकर जांच जारी है।

ये भी पढ़ें- उज्जैन शाही मस्जिद विवाद: शाही मस्जिद की कार्रवाई के विरोध में बवाल, 10 लोगों पर FIR दर्ज, जानिये अब तक क्या-क्या हुआ?

जमीन के मामले में जाना था, पर रास्ते में हुआ हादसा

मृतक के बेटे कमल सिंह के अनुसार, सोमवार को जमीन से जुड़े एक मामले में अंतिम निर्णय होना था। उनका कहना है कि इसी सिलसिले में उनके पिता घर से निकले थे। परिजनों के मुताबिक रामबाबू सिंह के पास जमीन से जुड़े कुछ कागजात और करीब तीन लाख रुपये भी थे। हादसे के बाद ये सामान मौके पर नहीं मिलने की बात परिवार की ओर से कही गई है। हालांकि, इस संबंध में वास्तविक स्थिति पुलिस की जांच के बाद ही साफ हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

31 अगस्त को बेटे की भी सड़क हादसे में हुई थी मौत

रामबाबू सिंह के परिवार पर यह पहली ऐसी त्रासदी नहीं थी। करीब एक महीने पहले ही उनके बेटे माधव की भी सड़क हादसे में मौत हो गई थी। 31 अगस्त 2026 को मथुरा के कोसीकलां के पास हुए हादसे में माधव की जान चली गई थी। बताया गया था कि माधव पिकअप वाहन से कुछ अन्य लोगों के साथ अलवर काम के लिए जा रहे थे। इसी दौरान हादसा हुआ, जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि छह अन्य लोग घायल हुए थे।

ये भी पढ़ें- अमेठी में गरमाया ‘वोट चोरी’ का मुद्दा, कांग्रेस ने निकाला विरोध मार्च; PM मोदी, शाह और ज्ञानेश कुमार के पुतले फूंके

अब बेटे की मौत के करीब एक महीने बाद पिता की भी सड़क हादसे में मौत हो गई। परिवार के लोगों के मुताबिक, एक महीने के भीतर घर से दो अर्थियां उठने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

अब पुलिस जांच से जुड़े कई सवाल

रामबाबू सिंह की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनके तीन बेटों पर आ गई है। वहीं पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में सीसीटीवी फुटेज और दूसरे तथ्यों की जांच कर रही है।

Location :  Hathras

Published :  28 September 2026, 4:22 PM IST