महज 120 दिन की शादी में उठी अर्थी: सहारनपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद हंगामा, मायके पक्ष ने ससुरालियों पर लगाए गंभीर आरोप

सहारनपुर के छुटमलपुर क्षेत्र में प्रेम विवाह के चार माह बाद विवाहिता नाजिश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने दहेज के लिए गला घोंटकर हत्या करने और विरोध करने पर हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 5 August 2026, 12:07 PM IST

Saharanpur: महज चार महीने पहले जिस प्रेम कहानी का अंत सात फेरों और निकाह की खुशियों के साथ हुआ था, वह एक खौफनाक दास्तान में बदल गई। सहारनपुर के छुटमलपुर क्षेत्र के गांव चौबारा में एक 22 वर्षीय विवाहिता नाजिश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शादी के महज 120 दिनों के भीतर उठी इस अर्थी ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज के लिए गला घोंटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।

फोन की मुलाकातों से शुरू हुई थी दास्तान

नागल थाने के गांव सलेमपुर के रहने वाले परवेज मलिक (मृतका के चाचा) ने बताया कि गांव चौबारा निवासी कलीम का आना-जाना उनके गांव में अपनी मौसी के यहां था। इसी दौरान कलीम की मुलाकात उनकी भतीजी नाजिश से हुई। मुलाकातों का यह सिलसिला धीरे-धीरे प्यार में बदल गया और दोनों फोन पर बातचीत करने लगे। जब परिजनों को इनके प्रेम प्रसंग की भनक लगी और उन्होंने दोनों को एक ही बिरादरी का पाया, तो आपसी रजामंदी से इसी साल 10 अप्रैल को दोनों का निकाह करा दिया गया। लेकिन यह खुशियां बहुत लंबी नहीं टिक सकीं।

प्यार का खौफनाक अंत: लव मैरिज की जिद और शातिर रेकी… बेटी के एक फैसले ने उजाड़ दी दो परिवारों की दुनिया

सुबह के सन्नाटे में उठी मौत की खबर और हंगामेदार सुबह

मंगलवार की सुबह करीब छह बजे कैलाशपुर के एक रिश्तेदार के जरिए नाजिश के मायके वालों को उसकी मौत की मनहूस खबर मिली। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जब परिजन भागते हुए गांव चौबारा पहुंचे, तो नजारा दिल दहला देने वाला था। नाजिश का शव चारपाई पर संदिग्ध हालत में पड़ा था और पति व ससुर मौके से नदारद थे।

परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने नाजिश के गले पर लिपटे हुए कपड़े को हटाने की कोशिश की, तो ससुराल पक्ष के लोगों ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। किसी तरह जान बचाकर भागे मायके वालों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सीओ विकास प्रताप चौहान और प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा अपनी टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया।

छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज

मृतका के पिता इखलाक, जो मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालते हैं और जिनकी पांच बेटियों में नाजिश तीसरे नंबर पर थी, ने इस मामले में कड़ा कानूनी कदम उठाया है। उन्होंने पति कलीम, जेठ नईम, जेठानी सना, ससुर महफूज, सास मोमिना और देवर दानिश के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। फतेहपुर थाने पहुंचे पिता इखलाक ने बिलखते हुए मांग की कि उनकी बेटी के हत्यारों को फांसी की सजा दी जाए और उनके घरों पर बुलडोजर चलाया जाए।

मानसून का भयंकर तांडव: असम-मेघालय में भारी खतरे का अलर्ट, दिल्ली-यूपी समेत इन राज्यों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी

ससुराल पक्ष की दलील और पुलिस की कार्रवाई

दूसरी ओर, ससुराल पक्ष का दावा है कि बीती रात कलीम और नाजिश ने साथ खाना खाया था और वे अपने बिस्तर पर लेटे थे। सुबह जब नाजिश बेसुध मिली, तो वे उसे तुरंत चिकित्सक के पास लेकर भागे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस संवेदनशील मामले पर पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी से जांच में जुट गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Location :  Saharanpur

Published :  5 August 2026, 12:07 PM IST