रसोई की खिड़की काटी, अलमारी खंगाली और फ्रिज के ड्राई फ्रूट्स भी ले उड़े चोर; सहारनपुर की इस वारदात से उड़े सबके होश

सहारनपुर के थाना मंडी क्षेत्र की महावीर कॉलोनी में सर्राफा कारोबारी के मकान में चोरों ने लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से नकदी, जेवरात और मंदिर में भगवान को अर्पित आभूषण तक ले गए। सुबह करीब 8:30 बजे घटना का पता चला। एसएसपी अभिनंदन ने खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया है।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 17 November 2026, 9:14 PM IST

Saharanpur: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में थाना मंडी क्षेत्र के जैन बाग गोल कोठी स्थित महावीर कॉलोनी में सर्राफा कारोबारी के मकान में चोरों ने लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से नकदी, आभूषण और अन्य कीमती सामान के साथ मंदिर में भगवान को अर्पित किए गए जेवर भी चोरी कर ले गए। हैरानी की बात यह है कि जिस मकान में चोरी हुई, वह थाना मंडी से महज कुछ मीटर की दूरी पर स्थित है। घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में दहशत और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, चिलकाना रोड स्थित महावीर कॉलोनी के गेट के अंदर पहला मकान संदीप जैन का है। मकान के दो मुख्य गेट हैं, जिनमें एक सड़क की तरफ और दूसरा कॉलोनी के अंदर की तरफ खुलता है। कॉलोनी के अंदर वाले गेट पर चौकीदार भी तैनात रहता है। इसके बावजूद चोरी की भनक किसी को नहीं लग सकी।

बताया गया कि चोर रसोई की खिड़की काटकर मकान के अंदर दाखिल हुए। इसके बाद अंदर से दरवाजा खोलकर अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया। चोरों ने घर के कमरों में रखी अलमारियों और बेड को खंगाला। इस दौरान उन्हें जो सामान मिला, उसे लेकर फरार हो गए। फ्रिज में रखे ड्राई फ्रूट और कोल्ड ड्रिंक तक चोर अपने साथ ले गए।

सहारनपुर पुलिस जांच में जुटी (Img: Dynamite News)

सुबह 8:30 बजे खुला चोरी का मामला

सर्राफा कारोबारी संजीव जैन ने बताया कि सुबह करीब 8:30 बजे जब वह दूध का बर्तन लेने के लिए रसोई में गए, तब उन्हें चोरी की जानकारी हुई। उस समय घर में वह और उनकी पत्नी ही मौजूद थे। उनके बड़े भाई भी साथ में रहते हैं, लेकिन चोरों के आने की किसी को भनक नहीं लगी।

संजीव जैन के मुताबिक, चोरी उनके कमरे में नहीं हुई, बल्कि दूसरे कमरे को निशाना बनाया गया। इसी वजह से उन्हें पहले घटना का पता नहीं चल सका। उन्होंने बताया कि चोर उनकी बहू के सारे जेवरात ले गए हैं। बहू और बच्चे बाहर से आ जाएंगे।

चोरों के घर में दाखिल होने के तरीके को लेकर उन्होंने आशंका जताई कि रसोई की खिड़की काटकर चोर अंदर आए होंगे। घर में सीसीटीवी कैमरे लगे होने के सवाल पर उन्होंने बताया कि कैमरे काम नहीं कर रहे थे। ऐसे में पुलिस आसपास लगे कैमरों की फुटेज तलाश रही है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें जिन लोगों पर शक था, उनके बारे में पुलिस को जानकारी दे दी गई है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति सामने आएगी।

रसोई की खिड़की काटकर घुसे चोर (Img: Dynamite News)

एसएसपी अभिनंदन ने बनाई तीन टीमें

चोरी की सूचना मिलते ही थाना मंडी पुलिस, फॉरेंसिक टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसएसपी अभिनंदन सिंह के साथ एसपी सिटी और भारी पुलिस बल ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि थाना मंडी क्षेत्र में चोरी की घटना की सूचना मिली थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घर की ड्रॉवर में रखी कुछ नकदी और आभूषण गायब हैं। सूचना मिलने पर सभी अधिकारी, जनपद की फील्ड यूनिट और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची।

उन्होंने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। चोरों के संभावित प्रवेश और बाहर निकलने के रास्तों के साथ चोरी हुए सामान की जानकारी जुटाई जा रही है। कितना सामान चोरी हुआ है, इसका आकलन मकान मालिक कर रहे हैं। उनके द्वारा जानकारी दिए जाने के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि मौके पर माली के काम में इस्तेमाल होने वाला एक औजार भी अपनी जगह से हटा हुआ मिला था। इस पहलू को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर ध्यान दे रही है और जल्द आरोपियों को पकड़ने के साथ चोरी हुए सामान की बरामदगी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

Location :  Saharanpur

Published :  17 November 2026, 9:14 PM IST