
डंपर चालक की गोली मारकर हत्या (Img: Pexels)
Rampur: रामपुर जिले के पटवाई थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक ढाबे पर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। चंडिका गांव के पास शाहबाद रोड स्थित ढाबे पर डंपर चालकों के बीच हुई कहासुनी के दौरान 25 वर्षीय डंपर चालक चंचल उर्फ चंद्रपाल को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार, मदारपुर क्षेत्र के माजरा झंडूपुरा निवासी चंचल सोमवार रात शाहबाद रोड स्थित एक ढाबे पर मौजूद था। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों से उसकी कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गया।
आरोप है कि इसी दौरान एक आरोपी ने तमंचे से गोली चला दी, जो चंचल के सिर में जा लगी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनते ही ढाबे पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पटवाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चंचल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के पिता भारत सिंह की तहरीर पर पुलिस ने योगेश, विनोद और मुनेश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। परिजनों का आरोप है कि वारदात में नामजद आरोपियों के अलावा कुछ अन्य लोग भी शामिल थे। उन्होंने सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्राधिकारी देवकी नंदन ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गोली लगने से मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी खंगाले जा रहे हैं।
चंचल उर्फ चंद्रपाल डंपर चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार में पिता भारत सिंह, एक छोटा भाई और एक विवाहित बहन हैं। पिता मजदूरी कर परिवार चलाते हैं। चंचल की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Location : Rampur
Published : 30 June 2026, 1:36 PM IST
Topics : crime news rampur news UP Police uttar pradesh