“जंगल में घिरते ही चलीं गोलियां…” 15 मुकदमों वाले चंदन सागर को पुलिस ने पकड़ा, गोली लगने से हुआ घायल

नैनीताल के रामनगर में देर रात पुलिस और वांछित आरोपी चंदन सागर के बीच जंगल में मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक घेराबंदी के दौरान आरोपी ने फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 16 August 2026, 8:27 PM IST

Ramnagar: नैनीताल जिले के रामनगर में देर रात पुलिस और वांछित आरोपी चंदन सागर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी को पकड़ने के लिए टीम दबिश देने पहुंची थी। इसी दौरान वह हाथीडंगर वन विभाग चेक पोस्ट से आगे जंगल की ओर भाग निकला।

पुलिस ने उसका पीछा करते हुए मालधन क्षेत्र के 64 नंबर गेट के जंगल में घेराबंदी की। बताया गया कि आरोपी वहां छिप गया था। पुलिस टीम ने जब उसे पकड़ने की कोशिश की तो कथित तौर पर उसने फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस वाहन को भी नुकसान पहुंचने का दावा

पुलिस के मुताबिक चंदन सागर ने करीब तीन राउंड फायर किए। इस दौरान पुलिस के एक वाहन के क्षतिग्रस्त होने की बात भी सामने आई है। फायरिंग की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को दी गई। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जंगल को चारों तरफ से घेर लिया गया। पुलिस का दावा है कि आरोपी को आत्मसमर्पण के लिए कहा गया, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी।

इसी दौरान पुलिस की गोली चंदन सागर के पैर में लगी। घायल होकर गिरने के बाद पुलिस टीम ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

ये भी पढ़ें- Nainital: 15 अगस्त तक लोअर मॉल रोड नहीं खुलने से गुस्साया व्यापार मंडल, अनिश्चितकालीन धरना शुरू

अस्पताल पहुंचाया गया आरोपी

गोली लगने के बाद पुलिस ने घायल चंदन सागर को उपचार के लिए रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय, रामनगर पहुंचाया। उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मुठभेड़ की घटना को लेकर अलग से कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी है।रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने वादी बनकर आरोपी के खिलाफ पुलिस टीम पर फायरिंग और जानलेवा हमले के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

मोबाइल फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

मुठभेड़ के बाद घटनास्थल की जांच के लिए मोबाइल फॉरेंसिक टीम भी जंगल पहुंची। टीम ने मौके का निरीक्षण किया और फायरिंग से जुड़े जरूरी साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाया जाएगा। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि मुठभेड़ के दौरान फायरिंग किस स्थान से हुई और मौके पर घटनाक्रम किस तरह आगे बढ़ा।

ये भी पढ़ें- नैनीताल में बड़ा हादसा: रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग पर खाई में गिरी मिनी बस, एक की मौत; 21 का रेस्क्यू

15 मुकदमों का आपराधिक इतिहास

पुलिस के मुताबिक चंदन सागर पुत्र छत्रपाल सिंह, निवासी शिवलालपुर रियूनिया, रामनगर के खिलाफ करीब 15 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामले शामिल हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ वर्ष 2020 से लगातार अलग-अलग मामले दर्ज होते रहे हैं। 2022 में हत्या के प्रयास और आपराधिक साजिश से जुड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके अलावा 2024 में गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई थी। वर्ष 2025 और 2026 में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

Location :  Ramnagar

Published :  16 August 2026, 8:27 PM IST