
प्रारंभिक जांच में कुषाण काल से जुड़ रहे तार (Source: Dynamite News)
Raebareli: रायबरेली के हरचंदपुर थाना क्षेत्र के ओई डीह गांव में एक खेत के अंदर मिली रहस्यमयी सुरंग ने लोगों की उत्सुकता बढ़ा दी है। बारिश के कारण खेत का एक हिस्सा धंस गया था, जिसके बाद जमीन के नीचे एक पक्की सुरंग जैसी संरचना दिखाई दी।
मामले की जानकारी खेत मालिक सुशील मौर्य ने जिला प्रशासन को दी। इसके बाद प्रशासन ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) लखनऊ को इसकी जांच के लिए पत्र भेजा।
रायबरेली की जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के मुताबिक सुरंग के अंदर मिले अवशेषों की शुरुआती जांच में इनके पहली शताब्दी ईस्वी के कुषाण काल से जुड़े होने का अनुमान लगाया गया है।
हालांकि जिलाधिकारी ने साफ किया कि यह अभी प्रारंभिक जानकारी है। असली तथ्य एएसआई की विस्तृत खुदाई और जांच के बाद ही सामने आएंगे।
एएसआई लखनऊ की टीम मौके पर पहुंची और खेत में बने गड्ढे से सीढ़ी के जरिए नीचे उतरकर निरीक्षण किया। टीम को वहां पक्की सुरंग जैसी संरचना दिखाई दी।
जांच के दौरान टीम ने मिट्टी से बने कुछ अवशेष और ईंटों के नमूने एकत्र किए। अधिकारियों का मानना है कि यहां मौजूद संरचना काफी पुरानी हो सकती है।
खेत मालिक सुशील मौर्य ने बताया कि एएसआई टीम को मौके से धूपदानी, घड़े के टुकड़े और कुछ पुरानी ईंटें मिली हैं। उन्होंने बताया कि वहां दो ईंटों से बनी दीवार भी दिखाई दी है।
सुशील मौर्य के अनुसार, इससे पहले भी वर्ष 1995-96 और 1997 में पुरातत्व विभाग की टीम इस क्षेत्र में आई थी और कुछ पुराने अवशेष मिलने के बाद ओई डीह को रिकॉर्ड में दर्ज किया गया था।
Haj Yatra 2027: हज के पाक सफर में यूपी का हर नौवां यात्री होगा मुरादाबादी, सभी 22,623 आजमीनों का चयन
फिलहाल प्रशासन ने सुरंग वाले क्षेत्र की सुरक्षा बढ़ा दी है। खेत के एक हिस्से में बैरिकेडिंग कर दी गई है और 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है।
एएसआई की टीम लगभग दो महीने बाद यहां विस्तृत खुदाई करेगी। इसके बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह सुरंग किस उद्देश्य से बनाई गई थी और इसका इतिहास कितना पुराना है।
Location : Raebareli
Published : 31 July 2026, 12:51 PM IST