
चावल कच्चा होने की शिकायत पर विवाद प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Prayagraj: प्रयागराज के सिविल लाइन्स इलाके में एक होटल में खाना खाने गए सीनियर अधिवक्ता के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता विष्णु पांडे होटल में खाना खा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने चावल कच्चा होने की शिकायत की।
जानकारी के मुताबिक, खाने को लेकर की गई शिकायत के बाद होटल संचालक और अधिवक्ता के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि होटल संचालक और उसके साथियों ने अधिवक्ता के साथ अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर मामला और बिगड़ गया।
आरोप है कि इसके बाद विष्णु पांडे को होटल से बाहर सड़क पर ले जाकर उनके साथ मारपीट की गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
बताया जा रहा है कि घटना एजी ऑफिस के पास स्थित एक रेस्टोरेंट के आसपास हुई। वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ सड़क पर मारपीट की सूचना मिलते ही मामला तेजी से फैल गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में अधिवक्ता भी मौके पर पहुंच गए।
अधिवक्ताओं ने घटना को लेकर नाराजगी जताई और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग शुरू कर दी।
Kanpur News: सुबह-सुबह LIC ऑफिस में मची चीख-पुकार, धू-धूकर जलीं जरूरी फाइलें; दमकल ने ऐसे बुझाई आग
घटना के विरोध में गुरुवार को अधिवक्ताओं ने सिविल लाइन्स थाने के बाहर धरना शुरू कर दिया। वकीलों का कहना है कि वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ सार्वजनिक स्थान पर मारपीट की घटना गंभीर है। उन्होंने मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
धरने की वजह से थाने के बाहर अधिवक्ताओं की भीड़ जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों की ओर से मामले को शांत कराने और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
“मूंछों पर ताव और कानून ताक पर?” CO के तेवर पर अखिलेश यादव का तीखा वार, बोले- “जनता सब देख रही है”
मामले में पुलिस की ओर से होटल संचालक और उसके साथियों पर लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, अधिवक्ताओं के धरने के चलते मामला गरमाया हुआ है। अब पुलिस कार्रवाई पर सभी की नजर है।
Location : Prayagraj
Published : 3 September 2026, 2:36 PM IST