Prayagraj News: तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को मारी टक्कर, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र की मौत

प्रयागराज में तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के 20 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद छात्रा गंभीर रूप से घायल है। टक्कर मारने के बाद चालक फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए उसकी तलाश कर रही है।

Updated : 30 October 2026, 9:33 PM IST

Prayagraj: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार इलाहाबाद विश्वविद्यालय के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा गुरुवार कर्नलगंज थाना क्षेत्र के मनमोहन पार्क चौराहे के पास हुआ। टक्कर मारने के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से कार और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।

मनमोहन पार्क चौराहे के पास हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, कौशांबी जिले के चरवा कस्बे का रहने वाला 20 वर्षीय अनीश कुमार इलाहाबाद विश्वविद्यालय में पढ़ाई करता था। वह विश्वविद्यालय के एक हॉस्टल में रहता था। गुरुवार देर रात अनीश वाराणसी निवासी विश्वविद्यालय की छात्रा भाव्या के साथ स्कूटी से जा रहा था। इसी दौरान मनमोहन पार्क चौराहे के पास एक तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार दोनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जमीन के अंदर गाड़े गए थे नोटों से भरे 3 ड्रम, प्रयागराज में पुलिस के छापे से हुआ बड़ा खुलासा

अस्पताल में इलाज के दौरान छात्र की मौत

सड़क हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहां इलाज के दौरान अनीश कुमार की मौत हो गई। वहीं, छात्रा भाव्या की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस को अनीश के पास से परिचय पत्र और आधार कार्ड मिला, जिसके आधार पर उसकी पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने उसके परिजनों को हादसे की सूचना दी। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। देर रात परिजन कौशांबी से अस्पताल पहुंचे।

टक्कर मारने के बाद चालक फरार

हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि दुर्घटना में शामिल कार और उसके चालक का पता लगाया जा सके। इसके साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। कर्नलगंज थाने के कार्यवाहक थाना प्रभारी वीरेंद्र कुशवाहा के मुताबिक, प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ में कार की टक्कर से हादसा होने की जानकारी मिली है। पुलिस को तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Chitrakoot News: प्रयागराज से आकर ट्रेनों में जमाता था धाक, मानिकपुर में GRP के हत्थे चढ़ा शातिर चोर गोलू

छात्र की मौत से परिवार में मातम

इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र अनीश कुमार की हादसे में मौत से उसके परिवार में दुख का माहौल है। वहीं, दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल छात्रा भाव्या का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस फरार चालक की पहचान करने और हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच में जुटी है।

Location :  Prayagraj

Published :  30 October 2026, 9:18 PM IST