
परिजनों की डांट से परेशान युवती ने फांसी (Img: Pinterest)
Pratapgarh: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के गोपालगंज गांव में बुधवार को 20 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि सुबह परिजनों ने किसी बात को लेकर युवती को डांट दिया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गोपालगंज निवासी राजेश पटेल की बेटी शिवानी को बुधवार सुबह परिजनों ने किसी बात को लेकर फटकार लगाई थी। इसके कुछ देर बाद वह अपने कमरे में चली गई। काफी समय बीतने के बाद भी जब शिवानी कमरे से बाहर नहीं आई, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। कमरे के अंदर देखने पर घटना का पता चला।
घटना की सूचना मिलते ही संग्रामगढ़ थानाध्यक्ष आवन कुमार दीक्षित पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
थानाध्यक्ष के मुताबिक, शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अभी तक परिजनों या किसी अन्य पक्ष की ओर से पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने और जांच के आधार पर मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Pratapgarh
Published : 16 September 2026, 8:33 PM IST