
सांगीपुर में नाले में डूबे दो मासूम बच्चे (Img: Dynamite News)
Pratapgarh: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के सांगीपुर थाना क्षेत्र के दुल्लापुर घाट स्थित मट्टन नाले में नहाने गए दो मासूम बच्चे गहरे पानी में डूबने के बाद लापता हो गए। हादसे के बाद से दोनों बच्चों की तलाश जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, सांगीपुर थाना क्षेत्र के गाड़ी दर्रा निवासी अरविंद कुमार सिंह के बच्चे गांव के अन्य बच्चों के साथ दुल्लापुर घाट स्थित मट्टन नाले में नहाने गए थे। बरसात के कारण नाले में पानी का बहाव तेज था। इसी दौरान अरविंद की 13 वर्षीय बेटी आईशा और 7 वर्षीय बेटा राम सिंह गहरे पानी में चले गए। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। साथ मौजूद अन्य बच्चों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी।
बच्चों के डूबने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर नाले में उनकी तलाश शुरू की। हालांकि, पानी का बहाव तेज होने और नाले में गहराई अधिक होने के कारण बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही सांगीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों बच्चों की तलाश शुरू कराई। नाले के गहरे पानी के साथ आसपास के इलाकों में भी खोजबीन की जा रही है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक दोनों बच्चों का पता नहीं चल सका था।
Pratapgarh: अखिलेश यादव की हिरासत पर भड़के सपाई, सरकार के खिलाफ की जमकर नारेबाजी
सांगीपुर पुलिस के अनुसार, दुल्लापुर घाट के मट्टन नाले में पांच बच्चे नहाने गए थे। इनमें से दो बच्चे गहरे पानी में चले जाने के बाद लापता हो गए। दोनों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। हादसे की खबर के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव में भी मातम का माहौल है।
Location : Pratapgarh
Published : 17 August 2026, 5:32 PM IST