
दहेज उत्पीड़न से विवाहिता की मौत (Img: Dynamite News)
Badaun: जिले के उसावा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की मौत के बाद दहेज उत्पीड़न का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को मायके भेज दिया गया। प्रसव के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका के पिता जसवीर, निवासी गांव दीवान नगर पचदेउरा, थाना उसावा, ने बताया कि उनकी 23 वर्षीय बेटी प्रियंका की शादी वर्ष 2025 में बदायूं के नेकपुर मुजाहिदपुर रोड निवासी अनमोल के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। परिवार ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार शादी की सभी रस्में पूरी की थीं।
यहां भी पढ़ें: Badaun News: एक टक्कर और खत्म हो गई जिंदगी… 14 साल के बच्चे की दर्दनाक कहानी
परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी। उनका कहना है कि एक प्लाट दिलाने सहित अन्य मांगें रखी गईं। जब परिवार उनकी मांग पूरी नहीं कर सका, तो प्रियंका को मायके भेज दिया गया। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद ससुराल पक्ष ने उसकी कोई सुध नहीं ली।
मायके में रहने के दौरान प्रियंका गर्भवती थी। परिजनों ने उसकी देखभाल कर प्रसव कराया, जिसमें उसने एक बेटे को जन्म दिया। आरोप है कि प्रसव के बाद उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई, लेकिन ससुराल पक्ष का कोई सदस्य उसे देखने तक नहीं आया। परिजनों ने उसका विभिन्न अस्पतालों में इलाज कराया। बाद में उसे सैफई भी ले जाया गया। वहां से लौटते समय रास्ते में प्रियंका की मौत हो गई।
यहां भी पढ़ें: Badaun News: मंदिर में रह रहे पुजारी की संदिग्ध मौत से सनसनी, झाड़-फूंक और दरबार को लेकर कई सवाल
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, दहेज उत्पीड़न के आरोप पर पुलिस जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
Location : Badaun
Published : 4 August 2026, 7:01 PM IST
Topics : Badaun News UP Crime News Usawa Police