महराजगंज: जुआ सरगना पर पुलिस छापा, गिरफ्तारी के बाद रहस्यमय तरीके से छोड़े जाने पर उठे सवाल

शहर कोतवाली पुलिस पर एक बड़ा आरोप सामने आ रहा है। खबर है कि अंतर्राष्ट्रीय और अंतर्राज्यीय स्तर के एक जुआ माफिया को पुलिस ने पकड़ने के बाद छोड़ दिया है। पूरी खबर डाइनामाइट न्यूज़ पर

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 26 March 2026, 6:41 PM IST

महराजगंज: जिले की शहर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जिसने पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया है। जिले के चर्चित जुआ संचालक के घर पुलिस द्वारा की गई छापेमारी और उसके बाद की घटनाओं ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 3:10 बजे श्याम मंदिर के बगल स्थित आरोपी के दुकान और मकान पर पुलिस ने छापा मारा। यह कार्रवाई जिले में लंबे समय से सक्रिय एक कथित जुआ गिरोह के सरगना को पकड़ने के लिए की गई थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुलिस के पहुंचते ही आरोपी के परिजनों ने विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि आरोपी के पिता ने पुलिस के साथ अभद्रता की और उन्हें धमकाने की भी कोशिश की। इसके बावजूद पुलिस ने कार्रवाई जारी रखते हुए कथित सरगना को दौड़ाकर पकड़ लिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के साथ सख्ती बरती और उसे पीटते हुए बाइक पर बैठाकर ले जाया गया। इस घटनाक्रम को लेकर आसपास के लोगों में काफी चर्चा रही।

हालांकि, सबसे बड़ा सवाल तब खड़ा हुआ जब कथित जुआ सरगना को रहस्यमय परिस्थितियों में बाद में छोड़ दिए जाने की बात सामने आई। सूत्रों के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम में किसी अंजान फोन कॉल और बड़े पैमाने पर लेन-देन की चर्चाएं भी जोरों पर हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद जुआ संचालक का भाई व उसके दो अन्य सहयोगी कोतवाली के अंदर घूमते देखे गये।

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने इस घटना की जानकारी पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा तक पहुंचाई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

अब सवाल यह उठ रहा है कि अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय बताए जा रहे इस कथित जुआ सरगना को आखिर किन परिस्थितियों में पुलिसिया शिकंजे से राहत मिल गई। पूरे मामले ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की है।

फिलहाल, इस पूरे प्रकरण पर एसपी सोमेन्द्र मीणा ने डाइनामाइट न्यूज़ को बताया है कि मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक को सौंपी गयी है।

वहीं शहर कोतवाल ने डाइनामाइट न्यूज़ को बताया है कि मामले में तीन जुआरियों को पुलिस ने पकड़ा है और इन्होंने इस जुआ संचालक के बारे में पुलिस को जानकारी दी है।

Location : 
  • Mahrajganj

Published : 
  • 26 March 2026, 6:41 PM IST