
घटनास्थल (Img : Social Media)
New Delhi: राजधानी के जामा मस्जिद थाने में शख्स ने कई पुलिसकर्मियों पर चाकू के ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गये हैं। जिनमें से तीन पुलिसकर्मियों की स्थिति गंभीर है और उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी को गोली लगी है।
जानकारी के मुताबिक, जामा मस्जिद थाना पुलिस ने एक शख्स को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था। पुलिस को शिकायत मिली थी कि आरोपी अपनी मां और बहन को परेशान कर रहा है। पुलिस पूछताछ के दौरान उस शख्स ने पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया।
दिल्ली पुलिस के अफसर ने बताया कि आज दोपहर करीब 2:30 बजे थाना जामा मस्जिद में एक घटना हुई। हमले में पांच पुलिसकर्मियों के गर्दन और चेहरे पर चोटें आईं। सभी घायलों को पहले संजीवनी अस्पताल ले जाया गया। जहां से बेहतर इलाज के लिए सर गंगा राम अस्पताल रेफर किया गया।
हमले के बाद आरोपी थाने से फरार हो गया और भागने के लिए एक मोटरसाइकिल भी लूट ली। पुलिस टीम ने आरोपी को चितली कब्र इलाके में ट्रैक किया। गिरफ्तारी की कोशिश के दौरान आरोपी ने दोबारा पुलिसकर्मियों पर हमला किया। जिसके बाद पुलिस को जवाबी कार्रवाई में गोली चलानी पड़ी। इस दौरान आरोपी को भी गोली लगी। फिलहाल घायलों और आरोपी का इलाज जारी है।
Location : New Delhi
Published : 23 November 2026, 5:43 PM IST