
हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र भारती को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया (Image Source: Dynamite News)
Chandauli: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अलीनगर थाना क्षेत्र के रेवसा गांव में स्कार्पियो सवार लोगों पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र भारती को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था और घटना के बाद से फरार चल रहा था।
जानकारी के मुताबिक रेवसा गांव में स्कार्पियो सवार परिवार पर जानलेवा हमला हुआ था। इस मामले में धर्मेंद्र भारती का नाम सामने आने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई थी। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी दीनदासपुर गांव में अपने रिश्तेदार के घर छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पुलिस आरोपी को पूछताछ और बरामदगी के लिए लेकर जा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस को चकमा देने की कोशिश की और मौके पर हमला कर फरार होने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, अलीनगर थाना क्षेत्र के महेवा रिंग रोड के पास आरोपी से असलहा बरामदगी की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र भारती ने लोडेड तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
महाराजगंज में खौफनाक वारदात: शराब के विरोध में खून-खराबा, 3 घायल; जानें क्या है पूरा मामला
पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में आरोपी धर्मेंद्र भारती के दोनों पैरों में गोली लग गई, जिससे वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत उसे कब्जे में लेकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की। बरामद हथियार और अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार धर्मेंद्र भारती पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और अन्य गंभीर अपराधों सहित कुल 33 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय था और कई मामलों में वांछित चल रहा था।
चंदौली के पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी को शरण देने वाले रिश्तेदारों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
मैनपुरी के हर्षित चौहान बने जिला टॉपर! 96% अंक हासिल कर बढ़ाया जिले का मान
एसपी ने स्पष्ट किया कि अपराधियों को संरक्षण देने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को फरार रहने के दौरान किसने मदद पहुंचाई। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता को लेकर चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई से कानून व्यवस्था मजबूत होगी और अपराधियों में डर का माहौल बनेगा।
Location : Chandauli
Published : 24 April 2026, 2:32 AM IST