Maharajganj: फरेंदा ब्लॉक में VB-G RAM G योजना का आगाज, गांवों में रोजगार के साथ विकास को मिलेगी नई रफ्तार

फरेंदा ब्लॉक में ग्रामीण रोजगार और विकास को लेकर VB-G RAM G योजना की शुरुआत ने गांवों में नई उम्मीद जगाई है। कार्यक्रम में पात्र परिवारों को 125 दिन रोजगार और स्थानीय जरूरतों के हिसाब से विकास कार्य कराने की जानकारी दी गई।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 10 August 2026, 4:21 PM IST

Maharajganj: ग्रामीण परिवारों को रोजगार की गारंटी देने के साथ गांवों में टिकाऊ विकास को गति देने को लेकर सोमवार को विकासखंड फरेंदा सभागार में विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी VB-G RAM G योजना को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख प्र./प्रशासक राम प्रकाश सिंह ने किया। इस दौरान ग्राम प्रधानों और संबंधित कर्मचारियों को योजना के प्रावधानों, पात्रता और क्रियान्वयन की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बताया गया कि योजना का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ गांवों में ऐसी स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण करना है, जिनका लाभ लंबे समय तक ग्रामीणों को मिल सके।

योजना के तहत मिलेगा रोजगार 

योजना के तहत पात्र ग्रामीण परिवारों को एक वित्तीय वर्ष में 125 दिनों के मजदूरी रोजगार की वैधानिक गारंटी देने की व्यवस्था है। इसके लिए परिवार के वयस्क सदस्य द्वारा अकुशल श्रम करने की इच्छा जताने पर योजना के तहत रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। निर्धारित मजदूरी के तहत 300 रुपये प्रतिदिन भुगतान की जानकारी भी दी गई।

ये भी पढ़ें- कैमरे पर ठुमके, पुल के किनारे मासूम! रील के चक्कर में बाल-बाल बची बच्चे की जान, वायरल वीडियो देख कांप उठेंगे आप

APO मनरेगा अंकित चौरसिया ने योजना के उद्देश्य और कार्ययोजना पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि जल संरक्षण एवं जल संचयन, तालाब, चेकडैम, ग्रामीण सड़क व नाली निर्माण, पंचायत भवन, आंगनबाड़ी केंद्र सहित ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने वाले कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय जरूरतों के अनुसार कार्यों का चयन कर ऐसी परिसंपत्तियां तैयार की जानी हैं, जिनसे ग्रामीणों को लंबे समय तक लाभ मिल सके।

कार्ययोजना तैयार करने पर जोर

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत स्तर पर स्थानीय आवश्यकताओं के आधार पर विकास कार्यों के चयन और कार्ययोजना तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया। योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, ग्रामीणों की भागीदारी और मजदूरी भुगतान की प्रक्रिया को लेकर भी जानकारी दी गई। ग्राम प्रधानों से पात्र परिवारों तक योजना की जानकारी पहुंचाने और अधिक से अधिक जरूरतमंदों को इससे जोड़ने की अपील की गई।

ये भी पढ़ें- “हैलो! मैं बहुत मासूम हूं, लेकिन मेरे सामने पापा ने मम्मी के साथ…” बिहार का यह हत्याकांड पुलिस के लिए बना चुनौती

ब्लॉक प्रमुख प्र./प्रशासक राम प्रकाश सिंह ने कहा कि रोजगार की गारंटी के साथ गांवों में विकास कार्यों को बढ़ावा देना योजना की महत्वपूर्ण पहल है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण परिवारों को रोजगार मिलने के साथ गांवों में बुनियादी सुविधाएं भी मजबूत होंगी। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों और ग्राम प्रधानों से पात्र लोगों तक योजना का लाभ पहुंचाने तथा विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराने का आह्वान किया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Location :  Maharajganj

Published :  10 August 2026, 4:21 PM IST