हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Panchkula: स्कूल... जहां माता-पिता अपने बच्चों को सुरक्षित समझकर भेजते हैं। जहां नन्हे बच्चे पढ़ना, खेलना और दोस्ती करना सीखते हैं। लेकिन हरियाणा के पंचकूला के एक सरकारी स्कूल से सामने आई घटना ने इसी भरोसे पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां छह साल की बच्ची स्कूल में गंभीर रूप से घायल मिली। आरोप है कि तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले आठ साल के एक छात्र ने उसे खाली क्लासरूम में ले जाकर ईंट, बेंच और डस्टबिन से हमला किया। बच्ची की हालत इतनी गंभीर थी कि उसे चंडीगढ़ पीजीआई में भर्ती कराना पड़ा। आखिर स्कूल के अंदर ऐसा क्या हुआ कि छुट्टी के बाद एक बच्ची खून से लथपथ हालत में मिली? इस मामले में अब पुलिस से लेकर शिक्षा विभाग और बाल अधिकार आयोग तक जांच में जुटे हैं।
घटना 28 अक्टूबर की दोपहर की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, सरकारी स्कूल में प्ले क्लास में पढ़ने वाली छह वर्षीय बच्ची और आठ वर्षीय छात्र एक ही कक्षा में बैठते थे। बताया गया है कि शिक्षकों की कमी के चलते दोनों बच्चों को साथ पढ़ाया जा रहा था।
आरोप है कि घटना से पहले दोनों बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद बच्ची टॉयलेट की तरफ जाने लगी तो छात्र भी उसके पीछे चला गया। आरोप के मुताबिक, वह बच्ची को बहाने से पहली मंजिल पर बने खाली क्लासरूम में ले गया। वहां उसके साथ मारपीट की गई। बच्ची का सिर बेंच पर पटका गया और लातों से हमला किया गया। आरोप है कि ईंट से सिर और चेहरे पर वार किए गए। बच्ची के बेहोश होने के बाद भी डस्टबिन से हमला किया गया।
इस घटना का पता तब चला जब स्कूल की छुट्टी के बाद ऑटो चालक बच्ची को लेने पहुंचा। बच्ची अपने तय स्थान पर नहीं मिली तो उसने स्कूल स्टाफ से जानकारी ली। इसके बाद ऑटो चालक ने बच्ची के पिता को सूचना दी।
पिता तुरंत स्कूल पहुंचे और बेटी की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान जिस छात्र पर मारपीट का आरोप है, उसने बच्ची के ऊपर पड़े होने की जानकारी दी। परिजनों के मुताबिक, जब पिता पहली मंजिल पर पहुंचे तो बच्ची घायल और बेहोशी की हालत में पड़ी थी। कमरे में खून फैला हुआ था। यह दृश्य देखकर पिता की हालत बिगड़ गई।
परिजन बच्ची को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने के कारण उसे चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया। बच्ची के चाचा फैसल के मुताबिक, करीब दो दिन बाद बच्ची ने माता-पिता और चाचा से बातचीत की। इस दौरान वह रोने लगी। पुलिस ने बच्ची के पिता के बयान दर्ज कर लिए हैं।
एसीपी विक्रम नेहरा के मुताबिक, बच्ची का पीजीआई में इलाज चल रहा है। पुलिस ने उसके पिता के बयान दर्ज किए हैं और संबंधित छात्र व उसके परिजनों से पूछताछ की है। पुलिस बच्चे की मानसिक स्थिति का आकलन कराने के लिए परीक्षण भी करवाएगी। जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुमन चौधरी ने मामले की जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में समिति गठित की है। समिति में दो स्कूलों की प्राचार्य रेनू और निर्मल ढुल को शामिल किया गया है। उसे दो दिन में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष तृप्ति हरिपाल श्योराण ने भी घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। आयोग ने स्कूल में बच्चों की सुरक्षा और संभावित लापरवाही से जुड़े पहलुओं को गंभीरता से लेने को कहा है।
यह घटना अब सिर्फ दो बच्चों के बीच हुई कथित मारपीट तक सीमित नहीं रह गई है। स्कूल में बच्चों की निगरानी, शिक्षकों की उपलब्धता और खाली कक्षाओं की सुरक्षा जैसे सवाल भी सामने हैं। जांच समिति की रिपोर्ट और पुलिस की पड़ताल से ही स्पष्ट होगा कि उस दिन स्कूल में क्या हुआ और बच्ची की सुरक्षा में कहां चूक हुई।
Location : Panchkula
Published : 31 October 2026, 1:37 PM IST