कपड़ा फैक्टरी में करता था काम, फिर भी क्यों घूम रहा था नंगा? मिस्टीरियस डेथ ने उड़ाए सबके होश

पूर्वी दिल्ली के गांधी नगर इलाके में रविवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में तीसरी मंजिल से गिरने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 13 September 2026, 2:14 PM IST

New Delhi: पूर्वी दिल्ली के शाहदरा जिले के गांधी नगर इलाके में रविवार सुबह संदिग्ध हालात में एक युवक की मौत से हड़कंप मच गया। करीब 30 साल का दीपक नाम का युवक तीसरी मंजिल से गिरने के बाद नामदेव गली में जमीन पर पड़ा मिला। पुलिस को सुबह करीब 5:20 बजे सूचना मिली कि एक युवक सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा है और उसके सिर से खून बह रहा है। सूचना मिलते ही गांधी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

नग्न अवस्था में मिला युवक

पुलिस के मुताबिक, दीपक सड़क पर नग्न अवस्था में मिला। उसके शरीर पर चोट के निशान भी देखे गए। इसलिए पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है और हर पहलू की जांच कर रही है। अभी यह साफ नहीं है कि दीपक की मौत छत से दुर्घटनावश गिरने से हुई या उसे धक्का दिया गया था। जांच के दौरान आत्महत्या की संभावना पर भी विचार किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें - नई दिल्ली घोषणापत्र पर बनी सहमति, 45 पेज, 140 मुद्दे और भारी तनाव… फिर भी भारत ने कैसे कर दिखाया ये कूटनीतिक चमत्कार?

क्राइम और फोरेंसिक टीमों ने सबूत जुटाए

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस के साथ-साथ क्राइम टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों को भी मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी सबूत इकट्ठा किए। पुलिस आस-पास के CCTV कैमरों की फुटेज और अन्य परिस्थितिजन्य सबूतों की भी जांच कर रही है। मौत का कारण जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही स्पष्ट हो पाएगा।

गारमेंट फैक्ट्री में कर रहा था काम

मृतक की पहचान दीपक के रूप में हुई है, जो बिहार के किशनगंज जिले के पिपला गांव का रहने वाला था। वह गांधी नगर में कपड़ों की सिलाई करने वाली एक फैक्ट्री में करीब दो साल से काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि दीपक शादीशुदा था। पुलिस द्वारा फैक्ट्री खुलवाने के बाद उसके परिवार को घटना की सूचना दी गई।

यह भी पढे़ें - क्या दिल्ली के नेताओं और अधिकारियों की संपत्ति होगी सार्वजनिक? किरण बेदी ने खटखटाया हाईकोर्ट का दरवाजा

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चोटों की प्रकृति और मौत के असली कारण के बारे में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और किसी भी नतीजे पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की पुष्टि कर रही है।

Location :  New Delhi

Published :  13 September 2026, 2:14 PM IST