Muzaffarnagar: तितावी में दिन निकलते ही मुठभेड़, पुलिस की गोली से बदमाश घायल; कांबिंग में 3 साथी गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर के तितावी में पुलिस और तार चोर गिरोह के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की गोली से शाहनवाज घायल हो गया, जबकि कांबिंग के दौरान तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने 10 कुंतल से अधिक चोरी का तार, हथियार, बाइक और तार दिल्ली ले जाने वाली मैजिक गाड़ी बरामद की।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 16 September 2026, 11:47 AM IST

Muzaffarnagar: तितावी थाना क्षेत्र में दिन निकलते ही पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ से हड़कंप मच गया। अमीरनगर कट के पास हुई मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से तार चोरी करने वाले गिरोह का एक आरोपी घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने इलाके में कांबिंग कर उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया।

अमीरनगर कट पर आमना-सामना

पुलिस के मुताबिक, तितावी पुलिस को तार चोरी करने वाले गिरोह के क्षेत्र में होने की सूचना मिली थी। अमीरनगर कट के पास पुलिस ने संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाशों की ओर से फायरिंग किए जाने पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में शाहनवाज पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया।

पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। वहीं, मौके से फरार हुए अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम ने आसपास के इलाके में कांबिंग शुरू कर दी।

कांबिंग में तीन आरोपी गिरफ्तार

कांबिंग के दौरान पुलिस ने शाहनवाज के तीन कथित साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जुनैद उर्फ शाहरुख, ताहिर और आसिफ के रूप में हुई है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों की जानकारी जुटा रही है।

ED Raid: अमृत ग्रुप पर ईडी का शिकंजा, कोलकाता और इंदौर में 17 ठिकानों पर छापेमारी

10 कुंतल से अधिक चोरी का तार बरामद

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी का तार बरामद हुआ है। बरामद तार का वजन 10 कुंतल से अधिक बताया गया है। इसके अलावा पुलिस ने दो तमंचे, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, दो बाइक और दो चाकू भी बरामद किए हैं।

पुलिस का दावा है कि चोरी किए गए तार को दिल्ली ले जाने के लिए एक मैजिक गाड़ी का इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस ने इस वाहन को भी बरामद कर लिया है। बरामदगी के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तार चोरी की इन घटनाओं में गिरोह के और कितने लोग शामिल हैं।

पुलिस टीम को अधिकारियों ने दी बधाई

CO फुगाना नरेंद्र यादव ने कार्रवाई के लिए तितावी थाना प्रभारी जयवीर चौधरी, क्राइम टीम के मनीष कुमार और अर्जुन चौधरी समेत पुलिस टीम की सराहना की। पुलिस के मुताबिक, मामले में आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  16 September 2026, 11:47 AM IST