Muzaffarnagar में मामूली बात पर अचानक क्यों भड़का बवाल, पथराव और खून-खराबे के बाद भारी पुलिस बल तैनात

मुजफ्फरनगर के मीरापुर थाना क्षेत्र के सम्भालेहड़ा गांव में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 21 July 2026, 6:08 PM IST

Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर जिले के मीरापुर थाना क्षेत्र के सम्भालेहड़ा गांव में मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी मारपीट और पथराव में बदल गई। घटना में तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर कर हालात पर काबू पाया।

कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार, सोमवार को सम्भालेहड़ा गांव में हिमायूं सिद्दीकी और इरशाद कुरैशी के बीच किसी छोटी सी बात को लेकर विवाद हो गया। शुरुआत में दोनों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। इसके बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से जमकर मारपीट तथा पथराव शुरू हो गया।

यहां भी पढ़ें: Muzaffarnagar: किसान दिवस में हंगामा, ट्रांसफॉर्मर बदलने के लिए JE ने मांगे पैसे? जानिए पूरा मामला

घायलो अस्पताल में कराया गया भर्ती

घटना के दौरान हिमायूं पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर मीरापुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में गांव के घरों की छतों से दोनों पक्षों के लोगों को एक-दूसरे पर पत्थर फेंकते हुए देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच तेज कर दी है।

दोनों पक्षों की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा

पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

यहां भी पढ़ें: Muzaffarnagar: भाई की मौत, ‘अपनों’ की नीयत खराब, करोड़ों की वसीयत में अपनों ने ही बुना साजिश का जाल

सीओ जानसठ ने क्या कहा

सीओ जानसठ ऋषिका सिंह ने बताया कि सम्भालेहड़ा गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही मीरापुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और झगड़े में शामिल लोगों को हिरासत में लिया। उन्होंने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज की जा रही है। गांव में फिलहाल शांति व्यवस्था बनी हुई है और पुलिस की निगरानी जारी है। साथ ही पूरे मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  21 July 2026, 6:08 PM IST