हिंदी
सीओ जानसठ ऋषिका सिंह (Img: Dynamite News)
Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर जिले के मीरापुर थाना क्षेत्र के सम्भालेहड़ा गांव में मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी मारपीट और पथराव में बदल गई। घटना में तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर कर हालात पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को सम्भालेहड़ा गांव में हिमायूं सिद्दीकी और इरशाद कुरैशी के बीच किसी छोटी सी बात को लेकर विवाद हो गया। शुरुआत में दोनों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। इसके बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से जमकर मारपीट तथा पथराव शुरू हो गया।
यहां भी पढ़ें: Muzaffarnagar: किसान दिवस में हंगामा, ट्रांसफॉर्मर बदलने के लिए JE ने मांगे पैसे? जानिए पूरा मामला
घटना के दौरान हिमायूं पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर मीरापुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में गांव के घरों की छतों से दोनों पक्षों के लोगों को एक-दूसरे पर पत्थर फेंकते हुए देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यहां भी पढ़ें: Muzaffarnagar: भाई की मौत, ‘अपनों’ की नीयत खराब, करोड़ों की वसीयत में अपनों ने ही बुना साजिश का जाल
सीओ जानसठ ऋषिका सिंह ने बताया कि सम्भालेहड़ा गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही मीरापुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और झगड़े में शामिल लोगों को हिरासत में लिया। उन्होंने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज की जा रही है। गांव में फिलहाल शांति व्यवस्था बनी हुई है और पुलिस की निगरानी जारी है। साथ ही पूरे मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 21 July 2026, 6:08 PM IST