हिंदी
Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर के मीरापुर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में मेरठ का एक 15 हजार रुपये का इनामी हिस्ट्रीशीटर घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश कर रहे आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। आरोपी के पास से अवैध तमंचा, कारतूस, बाइक और नकदी बरामद हुई है।
एसपी देहात ने पत्रकार वार्ता में बताया कि मीरापुर थाना पुलिस संभलहेड़ा नहर पटरी रजवाहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक बाइक पर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक मोड़कर भागने लगा।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान वाहिद पुत्र यामीन निवासी ग्राम ललियाना थाना किठौर जनपद मेरठ के रूप में हुई है। आरोपी मीरापुर थाने में दर्ज एक मुकदमे में वांछित चल रहा था और उस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त होंडा साइन मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, पैन कार्ड और 600 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी वाहिद पर मेरठ, गौतमबुद्धनगर और मुजफ्फरनगर समेत कई जिलों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट के गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस काफी समय से उसकी तलाश कर रही थी।
घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 22 May 2026, 2:41 PM IST