
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप (Img: Dynamite News)
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के चरथावल थाना क्षेत्र के बिरालसी गांव में एक मामूली नाली विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। परिजनों ने मृतक के छोटे भाई, उसकी पत्नी और बेटी पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक के बेटे रवि का आरोप है कि नाली में लगी शकरकंदी की बेल को हटाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। इसके बाद चाचा, चाची और उनकी बेटी ने मिलकर उनके पिता के साथ मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई। रवि ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग की है।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी भाई और उसकी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया दोनों भाइयों के बीच शराब के नशे में कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई थी, जिसके दौरान बुजुर्ग गिर गए और उनकी मौत हो गई। शरीर पर कोई स्पष्ट गंभीर बाहरी चोट नहीं मिली है।
शादियों में मेहमान बनकर आते थे और… जानिए कैसे बेनकाब हुआ बारात में चोरी करने वाला शातिर गिरोह
सीओ सदर राजू कुमार साव ने बताया कि अभी तक किसी पक्ष की ओर से औपचारिक तहरीर नहीं मिली है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे और उसी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
ITR Deadline Extension 2026: क्या बढ़ेगी अंतिम तारीख? जानिए आयकर विभाग का ताजा अपडेट
घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है। एक मामूली विवाद का इतना बड़ा परिणाम होने से लोग स्तब्ध हैं। पुलिस का कहना है कि सभी साक्ष्यों और बयानों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जाएगी।
Location : Muzaffarnagar
Published : 24 July 2026, 4:10 PM IST