
प्रतीकात्मक छवि (Image Source: Pinterest)
Agra: आगरा के जैतपुर क्षेत्र के रूपपुरा गांव में संतोषी माता मंदिर में आरती के दौरान हुई प्रदीप मिश्रा की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और पिता की बेइज्जती का बदला लेने की भावना थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि पिछले साल हुई एक घटना के बाद से वह प्रदीप मिश्रा से बदला लेने की फिराक में था। इसी रंजिश के चलते 18 जून को मंदिर में आरती करते समय प्रदीप मिश्रा को गोली मार दी गई।
जैतपुर थाना क्षेत्र के रूपपुरा गांव में 18 जून को संतोषी माता मंदिर में शाम की आरती चल रही थी। इसी दौरान गांव के रहने वाले प्रदीप मिश्रा (42) पर अचानक गोली चला दी गई। गोली लगते ही मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल प्रदीप मिश्रा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई अवधेश मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने गांव के कन्हैयालाल पाराशर, उनके बेटे सोमेश पाराशर, जैतपुर निवासी श्याम नौपुत्रा और सत्यम पुरोहित के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।
फर्जी आधार कार्ड से शादी, जमीन हड़पने और झूठी FIR का आरोप; आगरा में महिला पर केस दर्ज
एसीपी बाह हरेकृष्ण शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शनिवार को फतेहपुरा तिराहे से जैतपुर निवासी सत्यम पुरोहित को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सत्यम ने पुलिस को बताया कि सोमेश पाराशर के पिता कन्हैयालाल पाराशर के साथ प्रदीप मिश्रा की पुरानी रंजिश थी। आरोपी के मुताबिक फरवरी 2025 में प्रदीप मिश्रा ने गांव के लोगों के सामने कन्हैयालाल पाराशर की पिटाई कर दी थी। इस घटना के बाद सोमेश ने अपने पिता के अपमान का बदला लेने की ठान ली थी।
पुलिस पूछताछ में सत्यम पुरोहित ने बताया कि वह सोमेश पाराशर और श्याम नौपुत्रा का दोस्त है। आरोप है कि 18 जून को जब प्रदीप मिश्रा संतोषी माता मंदिर में आरती करने पहुंचे, तभी सोमेश पाराशर ने मौका देखकर उन पर गोली चला दी। इस हमले में प्रदीप मिश्रा की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी सत्यम को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया है। वहीं हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
आगरा में चलती बाइक से मोबाइल लूट, विरोध करने पर युवक को घसीटते हुए बदमाश फरार
प्रदीप मिश्रा की हत्या के तीन दिन बाद भी रूपपुरा गांव में डर का माहौल बना हुआ है। भागवत कथा स्थल से लेकर संतोषी माता मंदिर तक सन्नाटा दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक घटना के बाद लोगों में डर इतना बढ़ गया है कि कई लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। गांव में चल रही भागवत कथा को भी बीच में ही रोक दिया गया है। वहीं मंदिर में होने वाली शाम की आरती में भी पहले जैसी भीड़ नहीं जुट रही है। श्रद्धालु डर के कारण मंदिर पहुंचने से कतरा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एक पुरानी रंजिश ने पूरे गांव का माहौल बदल दिया है। जिस मंदिर में रोज श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहता था, वहां अब डर और खामोशी दिखाई दे रही है।
Location : Agra
Published : 21 June 2026, 8:55 AM IST