हिंदी
इंटरनेशनल ड्रग सिंडिकेट का पर्दाफाश (Img- Internet)
Mumbai: मुंबई पुलिस के जोन 10 के तहत आने वाले साकीनाका पुलिस स्टेशन की एंटी-नारकोटिक्स टीम ने एक बहुत बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुंबई की सड़कों पर ओला-उबर कैब चलाकर ड्रग्स की सप्लाई करने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। इस महिला की निशानदेही पर की गई कार्रवाई ने पुलिस को गुजरात की एक गुप्त ड्रग फैक्ट्री तक पहुंचा दिया, जहां से करीब 75 करोड़ रुपये मूल्य की एमडी (Mephedrone) ड्रग्स और कच्चा माल जब्त किया गया है।
पुलिस उपायुक्त (DCP) दत्ता नलावडे ने बताया कि इस बड़े ऑपरेशन की शुरुआत 21 मई को हुई। साकीनाका पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स टीम को मुंबई में ड्रग्स सप्लाई की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद जाल बिछाकर 26 वर्षीय मुस्कान समीर खान को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके पास से 101 ग्राम कमर्शियल क्वांटिटी की एमडी ड्रग्स बरामद की।
जब पुलिस ने मुस्कान के बैकग्राउंड की जांच की, तो हैरान करने वाली सच्चाई सामने आई। मुस्कान पेशे से एक ओला-उबर कैब ड्राइवर थी। वह अपनी कैब में सवारी बिठाने के बहाने साकीनाका और मुंबई के उपनगरों में घूमती थी, ताकि किसी को शक न हो, और इसी की आड़ में वह बड़े पैमाने पर ड्रग्स की डिलीवरी करती थी।
जब साकीनाका पुलिस ने गिरफ्तार महिला ड्राइवर मुस्कान खान से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपने मुख्य ड्रग सप्लायर का नाम उगल दिया। इसके बाद पुलिस ने 26 मई को जाल बिछाकर 56 वर्षीय वझूल कमर अबुल वफा चौधरी उर्फ 'पप्पू' को गिरफ्तार कर लिया। पप्पू की सघन पूछताछ के बाद पुलिस को इस पूरे सिंडिकेट के मैन्युफैक्चरिंग हब का पता चला, जो गुजरात में स्थित था।
घर से निकली 16 साल की किशोरी, फिर आया मुंबई से फोन; परिजनों के पैरों तले खिसकी जमीन
पप्पू से मिली जानकारी के आधार पर साकीनाका पुलिस की एक स्पेशल टीम तुरंत गुजरात के नर्मदा जिले के वरखड गांव पहुंची। वहां एक गुप्त स्थान पर चल रही अवैध ड्रग फैक्ट्री पर पुलिस ने अचानक छापा मारा। इस छापेमारी में पुलिस ने 20 किलो तैयार एमडी ड्रग्स और इसे बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाला भारी मात्रा में रासायनिक कच्चा माल जब्त किया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस जब्त माल की कुल कीमत 75 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने इस पूरे कारखाने को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपी पप्पू पिछले 7 से 8 वर्षों से ड्रग्स तस्करी के इस काले कारोबार में सक्रिय था। वह गुजरात की इस फैक्ट्री में खुद एमडी ड्रग्स तैयार करता था और फिर उसे मुंबई लाकर अपनी पेडलर मुस्कान खान जैसे एजेंटों के जरिए बाजारों में सप्लाई करता था। साकीनाका पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब इस रैकेट में शामिल अन्य वित्तीय मददगारों, हवाला ऑपरेटरों और अन्य पेडलर्स की तलाश के लिए आगे की सघन जांच कर रही है।
Location : Mumbai
Published : 4 June 2026, 3:34 PM IST