आखिर कहां गईं मां, बेटी और दो साल की मासूम? गंगा किनारे मिले चप्पल-दुपट्टे ने परिवार को झकझोरा

बदायूं में मां, बेटी और दो साल की मासूम बच्ची संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। शुक्रवार सुबह गंगा किनारे दो जोड़ी चप्पल और दुपट्टा मिलने से तीनों के डूबने की आशंका जताई जा रही है। गोताखोरों के साथ एसडीआरएफ और फ्लड पीएसी तलाश में जुटी हैं, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 20 November 2026, 12:17 PM IST

Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पति से अनबन के बाद मायके में रह रही महिला अपनी दो साल की मासूम बेटी और मां के साथ अचानक लापता हो गई। तीनों की तलाश में जुटे परिजनों को शुक्रवार सुबह गंगा किनारे दो जोड़ी चप्पल और एक दुपट्टा मिला। सामान की पहचान होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। आशंका जताई जा रही है कि महिला, उसकी मां और मासूम बच्ची गंगा में डूब गई हैं।

मायके में रह रही थी महिला

मामला बदायूं के उसहैत थाना क्षेत्र के शिंभू नगला गांव का है। यहां रहने वाली उर्मिला देवी (45) पत्नी वीरेंद्र सिंह की बेटी शीला की शादी एटा जिले के राजा का रामपुर थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव निवासी अनिल के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि शीला और उसके पति अनिल के बीच पिछले कुछ समय से अनबन चल रही थी। इसी वजह से शीला करीब ढाई महीने से अपनी दो साल की बेटी रिया के साथ मायके में रह रही थी।

बदायूं में रफ्तार का कहर और अस्पताल दौड़ते परिजन, ई-रिक्शा-टेंपो की जोरदार टक्कर; 22 वर्षीय शाहाना की हालत गंभीर

तलाश करते हुए गंगा किनारे पहुंचे परिजन

जब काफी देर तक शीला और उसकी बेटी घर नहीं लौटीं तो परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। गांव और आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई, लेकिन दोनों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। शुक्रवार सुबह परिजन तलाश करते हुए गंगा किनारे पहुंचे। यहां उन्हें दो जोड़ी चप्पल और एक दुपट्टा पड़ा दिखाई दिया। जब परिवार के लोगों ने सामान को पहचान लिया तो उनके होश उड़ गए।

गहरे पानी में तलाश जारी (IMG: Dynamite News)

गंगा में उतारे गए गोताखोर और एसडीआरएफ

तीनों के गंगा में डूबने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल तलाश अभियान शुरू कराया। स्थानीय गोताखोरों को नदी में उतारा गया और आसपास के संभावित स्थानों पर खोजबीन की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए बाद में एसडीआरएफ और फ्लड पीएसी की टीमों को भी मौके पर बुलाया गया। इन टीमों की मदद से गंगा में व्यापक स्तर पर तलाश कराई जा रही है।

बदायूं में दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, खेत पर स्प्रे करने गए किसान की करंट से मौत

पति से बातचीत को लेकर भी परिजनों को शक

इस पूरे मामले में शीला के पति अनिल से फोन पर हुई बातचीत भी जांच का एक अहम पहलू बन गई है। परिजन इस बातचीत को तीनों के अचानक लापता होने की घटना से जोड़कर देख रहे हैं। परिवार के लोगों को आशंका है कि किसी वजह से परेशान होकर मां और बेटी ने बच्ची के साथ गंगा में छलांग लगा दी होगी। हालांकि, अभी तक इस आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सीओ बोले- हर पहलू से की जा रही जांच

मामले को लेकर सीओ उझानी राहुल पांडेय ने बताया कि पुलिस की ओर से फिलहाल गंगा में तीनों की तलाश कराई जा रही है। स्थानीय गोताखोरों के साथ एसडीआरएफ और फ्लड पीएसी की मदद भी ली जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले के अन्य पहलुओं पर भी जांच जारी है।

Location :  Budaun

Published :  20 November 2026, 12:14 PM IST