
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (Img: Dynamite News)
Mirzapur: लालगंज थाना क्षेत्र के दुबारकला में खेत में मिले कमलेश कोरी के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। मामले में पुलिस ने अंकित कोरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों के बीच पुरानी रंजिश थी और घटना वाली रात शराब पीने के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि कमलेश की जान चली गई।
पुलिस के मुताबिक, 10 अगस्त की रात कमलेश और अंकित खेत में शराब पीने पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों के बीच पुराने विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि विवाद के दौरान कमलेश ने डंडे से उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि इसके बाद अंकित ने डंडा छीन लिया और कमलेश के सिर पर वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद कमलेश की मौत हो गई।
ये भी पढ़ें- रोशनी से चमकी रेलवे रोड, लेकिन पौधों ने खोल दी सुंदरीकरण की पोल? प्लास्टिक के डिब्बों में हरियाली पर उठे सवाल
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी मौके से निकलने से पहले वहां मौजूद शराब के पाउच, ग्लास और वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा नदी में फेंक गया। इसके बाद वह वहां से फरार हो गया। खेत में शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्यों को खंगाला। इसके साथ ही मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया।
ये भी पढ़ें- नौतनवा में दिखा देशभक्ति का महासैलाब! हजारों की भीड़ के साथ निकली विशाल तिरंगा यात्रा, गूंजा ‘भारत माता की जय’
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान मिली जानकारी और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी अंकित कोरी को 13 अगस्त को कठवार नहर के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आई जानकारी और जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई की और उसे न्यायालय में पेश करने के लिए भेज दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।
Location : Mirzapur
Published : 13 August 2026, 8:31 PM IST