मेरठ में एकतरफा प्यार का खौफनाक अंत, युवती को 3 गोली मारकर युवक ने खुद को भी उड़ाया, 10 दिन पहले जेल से आया था बाहर

मेरठ के एक पार्क के बाहर हुई इस सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। दिनदहाड़े हुई इस खौफनाक वारदात के पीछे की असली वजह जानकर हर कोई हैरान है। आखिर क्या था पूरा मामला?

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 30 July 2026, 9:38 AM IST

Meerut: मेरठ के कंकरखेड़ा इलाके में एकतरफा प्यार का मामला खूनी वारदात में बदल गया। एक युवक ने पार्क के बाहर खड़ी 23 वर्षीय युवती पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चला दीं। युवती के सिर में एक और पेट में दो गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। वारदात के बाद जब आसपास मौजूद लोग युवक को पकड़ने के लिए उसकी ओर दौड़े तो उसने पिस्टल अपने सीने पर सटाई और गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। युवती को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जोनल पार्क के बाहर बात कर रहे थे दोनों

घटना बुधवार शाम करीब 4:30 बजे कंकरखेड़ा के डिफेंस एन्क्लेव कॉलोनी स्थित जोनल पार्क के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवती स्कूटी से पार्क पहुंची थी, जबकि युवक पल्सर बाइक से वहां आया था। दोनों पार्क के बाहर खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी शुरू हो गई और विवाद बढ़ गया।

बताया जा रहा है कि बहस के दौरान युवक ने अचानक पिस्टल निकाल ली और युवती पर लगातार गोलियां चला दी। गोली लगते ही युवती जमीन पर गिर गई। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

वैभव हत्याकांड का खौफनाक सच: अपहरण के आधे घंटे में कर दी मासूम की हत्या, परिवार के साथ तलाश में घूमता रहा आरोपी

लोगों को आता देख युवक ने खुद को मारी गोली

युवती को गोली मारने के बाद कुछ लोग आरोपी युवक की ओर दौड़े। खुद को घिरता देख युवक ने पिस्टल अपने सीने पर लगाई और गोली चला दी। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही कंकरखेड़ा थाना पुलिस, सीओ और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की और वहां से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

सिर और पेट में लगी गोलियां, युवती की हालत गंभीर

पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवती को एंबुलेंस की मदद से कैलाश अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे सुभारती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। युवती के सिर में एक और पेट में दो गोलियां लगी हैं। फिलहाल उसका इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

कंकरखेड़ा के रहने वाले हैं दोनों

घायल युवती की पहचान 23 वर्षीय अनुष्का के रूप में हुई है। वह कंकरखेड़ा के गोविंदपुरी इलाके की रहने वाली है। उसकी मां सनातन धर्म इंटर कॉलेज में सरकारी शिक्षिका हैं। युवती के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है और उसका एक बड़ा भाई है।

वहीं, मृतक युवक की पहचान 26 वर्षीय आदित्य के रूप में हुई है। वह कंकरखेड़ा की शिवलोकपुरा कॉलोनी का रहने वाला था। आदित्य ने वर्ष 2025 में साकेत स्थित आईटीआई कॉलेज से आईटीआई की पढ़ाई पूरी की थी। वह दो भाइयों में छोटा था और उसके बड़े भाई का नाम आशीष है। दोनों के घरों के बीच करीब एक किलोमीटर की दूरी बताई जा रही है।

पत्नी ने ही रची साजिश? हरदोई में युवक ने लगाया जहर देकर मारने की कोशिश का आरोप, बोला- दो साढ़ुओं से अवैध संबंध…

10 दिन पहले जमानत पर जेल से बाहर आया था आरोपी

आदित्य कंकरखेड़ा थाने का हिस्ट्रीशीटर था और उसके खिलाफ थाने में करीब 10 मुकदमे दर्ज थे। इनमें अवैध हथियारों की तस्करी और मारपीट से जुड़े मामले शामिल बताए गए हैं। करीब एक महीने पहले सरूरपुर थाना पुलिस ने उसे अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार किया था, जिसके बाद वह जेल चला गया था। वह करीब 10 दिन पहले ही जमानत पर बाहर आया था।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि जेल से बाहर आने के बाद आदित्य ने अनुष्का से दोबारा बात करने की कोशिश की थी। आरोप है कि युवती उससे बात नहीं करना चाहती थी, जबकि आदित्य उस पर मिलने और बातचीत करने का दबाव बना रहा था। बुधवार को दोनों की मुलाकात के दौरान विवाद बढ़ने पर वारदात हुई।

मौके से दो पिस्टल और दोनों वाहन बरामद

घटना की सूचना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस के मुताबिक, मौके से दो पिस्टल, युवती की स्कूटी और आरोपी युवक की पल्सर बाइक बरामद की गई है। आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात में इस्तेमाल हथियार कहां से आए और घटनास्थल पर दो पिस्टल मिलने के पीछे क्या कारण है?

Location :  Meerut

Published :  30 July 2026, 9:38 AM IST