पहले घड़ी का लालच, फिर जंगल में ले जाकर कत्ल… 6 साल के अंगदवीर के साथ जानें उस दिन क्या हुआ?

मेरठ में छह साल के मासूम अंगदवीर की हत्या ने हर किसी को झकझोर दिया है। पुलिस जांच में जो कहानी सामने आई, उसने रिश्तों, भरोसे और इंसानियत पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ऐसा राज, जिसे छिपाने के लिए कथित तौर पर मासूम की जिंदगी छीन ली गई। आखिर क्या था वह रहस्य और कैसे रची गई पूरी साजिश?

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 18 June 2026, 11:57 AM IST

Meerut: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से सामने आई छह साल के मासूम अंगदवीर की हत्या मामले में पुलिस जांच में जो खुलासे हुए हैं, वे किसी क्राइम थ्रिलर से कम नहीं हैं। एक कथित प्रेम संबंध को छिपाने के लिए मासूम बच्चे को रास्ते से हटाने की ऐसी साजिश रची गई, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया।

एक राज बना मौत की वजह

पुलिस के अनुसार, आरोपी अर्पित पाराशर एक निजी बैंक में एरिया मैनेजर के पद पर कार्यरत है। जांच में सामने आया कि उसका बच्चे की मां गुरप्रीत कौर से कथित प्रेम संबंध था। कुछ दिन पहले अर्पित गुरप्रीत से मिलने उसके घर पहुंचा था, जहां छह वर्षीय अंगदवीर ने दोनों को साथ देख लिया। आरोपी को डर था कि मासूम यह बात अपने परिवार, खासकर दादी या पिता को बता सकता है। इसी आशंका ने कथित तौर पर उसके मन में अपराध की साजिश को जन्म दिया।

घड़ी दिलाने का लालच देकर किया अगवा

अर्पित पाराशर कार लेकर अंगदवीर के घर पहुंचा। बच्चा उसे पहले से जानता था, इसलिए बिना किसी डर के उसके साथ चला गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बच्चे को घड़ी दिलाने और घुमाने का झांसा दिया था। सीसीटीवी फुटेज में भी आरोपी की कार में बच्चे को बैठाकर ले जाने की तस्वीरें सामने आईं। इसके बाद अंगदवीर का कोई पता नहीं चला और परिवार ने अपहरण की शिकायत दर्ज कराई।

मेरठ में मां की अय्याशी ने कर दिया परिवार तबाह, महिला अपने आशिक से बोली- मैं शादीशुदा हूं, लेकिन…फिर शुरू हुआ खूनी खेल

पुलिस को घंटों करता रहा गुमराह

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की। उसे हिरासत में लेने के बाद पूछताछ शुरू हुई, लेकिन अर्पित लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा। उसने पहले दावा किया कि बच्चे को नहर में फेंक दिया गया है। आरोपी के बताए स्थान पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम कई घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाती रही। हालांकि वहां कोई सुराग नहीं मिला।

शादी समारोह में पहुंच गया आरोपी

इस पूरे मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सामान्य जिंदगी जीता रहा। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या के बाद वह अपनी पत्नी के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने भी पहुंचा। बताया जा रहा है कि वह फलावदा क्षेत्र के एक गांव में आयोजित विवाह समारोह में मौजूद रहा और किसी को उसके व्यवहार पर शक तक नहीं हुआ।

जंगल में ले जाकर की निर्मम हत्या

कड़ाई से पूछताछ के बाद आखिरकार आरोपी टूट गया। उसने स्वीकार किया कि वह अंगदवीर को मेरठ से करीब 24 किलोमीटर दूर हस्तिनापुर क्षेत्र के भद्रकाली मंदिर के पास स्थित वन क्षेत्र में ले गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पहले बच्चे का मुंह उसकी पगड़ी से दबाया ताकि वह शोर न मचा सके। इसके बाद धारदार हथियार से हमला किया और उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया।

आखिरी कॉल पर ऐसा क्या हुआ? पत्नी के बाद सेना के सूबेदार ने भी क्यों चुना मौत का रास्ता?

आरोपी की निशानदेही पर मिला शव

बुधवार शाम पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर लेकर पहुंची। उसकी निशानदेही पर जंगल से मासूम का शव बरामद किया गया। मौके पर फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और हत्या में इस्तेमाल किए गए चाकू के साथ आरोपी की कार भी बरामद कर ली गई। पोस्टमार्टम के लिए शव भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

मां की भूमिका पर भी उठ रहे सवाल

इस सनसनीखेज मामले में अब जांच की दिशा बच्चे की मां गुरप्रीत कौर की ओर भी बढ़ रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या उसे आरोपी की योजना की जानकारी थी या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि अभी तक मिले साक्ष्यों के आधार पर उसकी भूमिका की जांच जारी है। अगर किसी भी प्रकार की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अंगदवीर की हत्या की खबर सामने आते ही इलाके में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने घटना को बेहद अमानवीय बताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

Location :  Meerut

Published :  18 June 2026, 11:57 AM IST