
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती (Img: Pinterest)
Lucknow: मेरठ की चर्चित दलित छात्रा ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत लगातार गरमाई हुई है। इस बीच बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने बड़ा बयान देते हुए पीड़ित परिवारों और दलित समाज से न्याय के लिए कानूनी रास्ता अपनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सड़कों पर उतरने से न्याय नहीं मिलता, बल्कि अदालत के माध्यम से कानूनी लड़ाई लड़नी चाहिए।
मायावती ने मेरठ, सहारनपुर, प्रयागराज और हरदोई में हाल के मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि किसी पीड़ित को निचली अदालत से न्याय नहीं मिलता है, तो उसे उच्च न्यायालय या सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाना चाहिए। उन्होंने कहा कि न्याय पाने का सबसे प्रभावी और संवैधानिक तरीका कानूनी प्रक्रिया ही है।
बसपा प्रमुख ने बिना किसी दल का नाम लिए आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल और संगठन अपने राजनीतिक हितों के लिए पीड़ित परिवारों और दलित समाज की भावनाओं का इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग घटनास्थल पर पहुंचकर सहानुभूति तो जताते हैं, लेकिन इससे पीड़ितों को वास्तविक न्याय नहीं मिलता। उन्होंने लोगों से ऐसे संगठनों से सतर्क रहने की अपील की।
मायावती ने दावा किया कि दलित समाज की वास्तविक आवाज केवल बहुजन समाज पार्टी है। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही कई संगठन और राजनीतिक दल सक्रिय हो जाते हैं और दलित समाज के मुद्दों का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश करते हैं। उन्होंने समाज से ऐसे प्रयासों से बचने की अपील की।
मेरठ के टीपी नगर क्षेत्र की रहने वाली 20 वर्षीय बीए छात्रा ललिता गौतम 15 मई को परीक्षा देने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। अगले दिन गुमशुदगी दर्ज कराई गई और बाद में रोहटा थाना क्षेत्र के उपसिया जंगल स्थित गन्ने के खेत से उनका शव बरामद हुआ। पुलिस ने मुख्य आरोपी अंकुश को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और शक के चलते आरोपी ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।
मेरठ के ललिता गौतम हत्याकांड में UP Police की किरकिरी; UP DGP को नोटिस; जानिये केस में बड़े अपडेट
ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठन लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। पीड़ित परिवार आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और शीघ्र न्याय की मांग कर रहा है। इसी बीच मायावती का बयान राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बन गया है।
Location : Lucknow
Published : 10 July 2026, 1:22 PM IST