प्रतापगढ़ जंक्शन पर अचानक पहुंची पाकिस्तानी बुली डॉग, देखने उमड़ी भीड़; ट्रेंकुलाइजर गन से हुआ रेस्क्यू

प्रतापगढ़ जंक्शन के कर्मचारी आवास परिसर में शनिवार को एक भारी-भरकम बुली नस्ल की मादा कुतिया भटककर पहुंच गई। लोगों में दहशत के बाद पुलिस और वन विभाग को सूचना दी गई। प्रयागराज से पहुंची विशेषज्ञ टीम ने ट्रेंकुलाइजर गन की मदद से उसका रेस्क्यू किया। फिलहाल उसे शहीद उद्यान में रखा गया है और मालिक की तलाश की जा रही है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 26 September 2026, 3:01 PM IST

Pratapgarh: प्रतापगढ़ जंक्शन के कर्मचारी आवास परिसर में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक भारी-भरकम बुली नस्ल की मादा कुतिया भटकते हुए पहुंच गई। कुतिया को देखकर परिसर में रहने वाले लोग घबरा गए। स्थिति को देखते हुए एक रेलकर्मी ने सूझबूझ दिखाई और परिसर का मुख्य गेट बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मामले की जानकारी मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। नस्ल और स्थिति का जायजा लेने के बाद पुलिस ने वन विभाग को सूचना दी।

ट्रेंकुलाइजर गन से किया गया रेस्क्यू

प्रयागराज से पहुंची वन विभाग की विशेषज्ञ टीम ने कुतिया को सुरक्षित तरीके से काबू में लेने के लिए ट्रेंकुलाइजर गन का इस्तेमाल किया। बेहोशी की दवा का असर होने के बाद टीम ने उसे सुरक्षित रूप से रेस्क्यू किया। ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा। रेस्क्यू पूरा होने के बाद परिसर में मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।

घर का भेदी निकला चोर! प्रतापगढ़ में बड़े भाई के आशियाने पर छोटे भाई ने ही मारा डाका, गिरफ्तारी के बाद हुआ चौंकाने वाला खुलासा

कंपनी बाग में रखा गया

रेस्क्यू के बाद प्रयागराज वन विभाग की टीम ने मादा कुतिया को नगर पालिका परिषद बेल्हा के सुपुर्द कर दिया। नगर पालिका प्रशासन ने विशेष वैन की मदद से उसे दहिलामऊ स्थित कंपनी बाग यानी शहीद उद्यान में पहुंचाया। कुतिया को यहां रखे जाने की खबर फैलते ही उसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी। बड़ी संख्या में लोग इस भारी-भरकम बुली नस्ल की कुतिया को देखने पहुंच रहे हैं। फिलहाल नगर पालिका की निगरानी में उसकी देखभाल की जा रही है।

मालिक का अब तक पता नहीं चला

रेस्क्यू की गई मादा कुतिया के मालिक का अभी तक पता नहीं चल सका है। नगर कोतवाली पुलिस और नगर पालिका की टीमें उसके स्वामी का पता लगाने का प्रयास कर रही हैं। यह भी पता लगाया जा रहा है कि कुतिया शहर के बीच स्थित प्रतापगढ़ जंक्शन तक कैसे पहुंची। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राकेश कुमार के मुताबिक, रेस्क्यू किया गया जानवर मादा है और पूरी तरह स्वस्थ है। मालिक का पता लगाने के लिए दो से तीन दिन तक इंतजार किया जाएगा।

पिता की मौत का गम उतरा भी नहीं था कि उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार, प्रतापगढ़ में युवक की खुदकुशी से मचा कोहराम

चर्चा में आई कुतिया

प्रतापगढ़ जंक्शन के कर्मचारी आवास परिसर में अचानक पहुंची इस कुतिया के कारण कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। स्थानीय स्तर पर उसे पकड़ने की कोशिश के बजाय विशेषज्ञ टीम को बुलाकर रेस्क्यू कराया गया। अब जंक्शन के बाद शहीद उद्यान में भी यह मादा कुतिया लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। हालांकि, उसके मालिक का पता चलने और उसके आगे के संरक्षण को लेकर तस्वीर आने वाले दिनों में साफ होगी।

Location :  Pratapgarh

Published :  26 September 2026, 3:01 PM IST