
चांदनी देवी (File Photo)
Gorakhpur: गोरखपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पति से वीडियो कॉल पर बातचीत के कुछ ही देर बाद 27 वर्षीय विवाहिता का शव घर में पंखे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर गंभीर प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगाए हैं।
मामला झंगहा थाना क्षेत्र के पांडेय टोला का है, जहां अनिता सिंह की बेटी चांदनी देवी (27) अपने पति मनीष सिंह के साथ किराये के मकान में रह रही थी। दोनों की शादी करीब दो महीने पहले कानपुर में एक मंदिर में हुई थी। शादी के बाद वे चौरीचौरा क्षेत्र के फुटहवा इनार में रह रहे थे, जहां मनीष ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था।
परिजनों के मुताबिक शुक्रवार देर रात चांदनी की अपने पति मनीष सिंह से वीडियो कॉल पर बातचीत हुई थी। बातचीत समाप्त होने के कुछ ही देर बाद चांदनी का शव कमरे में पंखे से लटका मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि पति मनीष सिंह, सास और ननद लगातार चांदनी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। परिजनों का कहना है कि इसी दबाव के कारण चांदनी ने यह कदम उठाया।
जानकारी के अनुसार चांदनी की पहली शादी वर्ष 2017 में नौसढ़ क्षेत्र के छपिया गांव निवासी राजकुमार से हुई थी, जिससे उसकी एक पांच वर्षीय बेटी भी है। बाद में पारिवारिक विवाद के चलते उसने पहली शादी तोड़कर दूसरी शादी की थी।
झंगहा थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
Location : Gorakhpur
Published : 23 May 2026, 12:36 PM IST