
अलीगढ़ प्रेमी हत्याकांड का बड़ा खुलासा (IMG: AI Generator)
Aligarh: अलीगढ़ के हरदुआगंज इलाके में प्रेम संबंधों से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला ने अपने नए प्रेमी के साथ मिलकर अपने पुराने प्रेमी की हत्या कर दी। इतना ही नहीं, हत्या के बाद शव को घर में छिपाकर रखा गया और फिर महिला के पति की मदद से उसे ठिकाने लगा दिया गया। पुलिस ने इस मामले में महिला के पति संजू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस हत्याकांड में महिला कल्पना और उसके दूसरे प्रेमी लोकेश को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब संजू की गिरफ्तारी के बाद मामले में शामिल सभी आरोपियों को पकड़ लिया गया है।
हरदुआगंज थाना क्षेत्र के सहरोई गांव निवासी अमित का जवां क्षेत्र के रामपुर गांव में ननिहाल था। यहीं उसकी मुलाकात कल्पना से हुई थी और दोनों के बीच कई वर्षों से प्रेम संबंध थे। कल्पना का पति संजू रेलवे में वेंडर का काम करता था। कुछ समय बाद कल्पना की दोस्ती बुलंदशहर के अहमदगढ़ क्षेत्र निवासी लोकेश से हो गई। इसके बाद अमित और कल्पना के रिश्ते में तनाव बढ़ने लगा। बताया जा रहा है कि अमित को जब कल्पना के नए रिश्ते की जानकारी हुई तो दोनों के बीच विवाद होने लगा। लोकेश और अमित के बीच फोन पर कहासुनी भी हुई थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि अमित 30 अप्रैल 2026 को परिवार से विवाद के बाद घर से निकल गया था। उसने कल्पना को फोन कर बताया था कि वह उसके पास आ रहा है। आरोप है कि देर रात अमित जब कल्पना के घर पहुंचा तो वहां मौजूद कल्पना और लोकेश ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को अगले दिन तक घर में ही छिपाकर रखा गया।
हत्या के बाद रात में लोकेश ने कल्पना के पति संजू को पूरी घटना में शामिल किया। इसके बाद संजू और लोकेश ने बाइक से शव ले जाकर उसे ठिकाने लगाने की योजना बनाई। दोनों ने शव को कासिमपुर स्थित अपर गंग नहर में फेंक दिया। बाद में हरदुआगंज क्षेत्र के सिकंदरपुर माछुआ के पास नहर से अमित का शव बरामद हुआ।
एसएचओ हरिभान सिंह ने बताया कि संजू की तलाश में पुलिस टीम करीब एक पखवाड़े से जुटी हुई थी। पुलिस ने उसकी तलाश के लिए ट्रेनों में भी जांच की। जैसे ही संजू गांव वापस आया, पुलिस ने उसे थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Location : Aligarh
Published : 16 August 2026, 2:58 PM IST