
पुलिस गिरफ्त में आरोपी
Deoria: उत्तर प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसटीएफ और एनसीबी की संयुक्त टीम ने देवरिया में बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। टीम ने 75 किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए तस्करी में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
एसटीएफ को पिछले कुछ समय से सूचना मिल रही थी कि राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह सक्रिय हैं। इसी क्रम में एसटीएफ की विभिन्न इकाइयों को खुफिया जानकारी जुटाने और कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। निरीक्षक प्रमोद कुमार वर्मा के नेतृत्व में एसटीएफ की टीम देवरिया में सूचना संकलन का कार्य कर रही थी।
03 जून 2026 को टीम को सूचना मिली कि असम के ग्वालपाड़ा क्षेत्र से वाहन संख्या MP19 ZR 2255 के माध्यम से सीआरपीएफ जवानों के घरेलू सामान की आड़ में अवैध गांजा देवरिया और आसपास के जिलों में पहुंचाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर एसटीएफ और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की संयुक्त टीम ने सलेमपुर क्षेत्र के ग्राम ग्राहता स्थित दुर्गा मंदिर के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से तस्करी गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि चालक की निशानदेही पर एक अन्य आरोपी को उसके घर से पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मुख्य सरगना टिंकू मंसूर असम से गांजा मंगवाकर पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में सप्लाई करता था। गांजे को सीआरपीएफ जवानों के घरेलू सामान के बीच छिपाकर भेजा जाता था ताकि किसी को संदेह न हो। इसके बदले तस्करों को मोटा मुनाफा मिलता था।
आरोपियों ने यह भी बताया कि गांजा देवरिया, बलिया, गोरखपुर और आसपास के जनपदों में 6,000 से 10,000 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेचा जाता था।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
Location : Deoria
Published : 3 June 2026, 7:21 PM IST
Topics : Deoria Ganja Smuggling Deoria STF Action Ganja Seized Deoria NCB Action Uttar Pradesh STF Raid Deoria