
घटना स्थल पर जांच करती हुई पुलिस (Img: Dynamite News)
Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। दरअसल जनपद के भोगांव थाना क्षेत्र के बांकीपुर गांव में गत दिवस शाम एक किसान की हादसे में मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों को शव निकालने में भी कठिनाई का सामना करना पड़ा, क्योंकि परिजनों ने विरोध जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, बांकीपुर निवासी पेशकार सिंह शाक्य (55) गत दिवस शाम करीब पांच बजे अपने खेत में ट्रैक्टर से रोटावेटर द्वारा जुताई करवा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, किसी कारणवश उनका संतुलन बिगड़ गया और वह रोटावेटर के पास पहुंच गए। देखते ही देखते वह मशीन के ब्लेडों में फंस गए। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में खेत पर पहुंच गए। कुछ ही देर में घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी।
मृतक किसान की प्रोफाइल फोटो (Img: Dynamite News)
सूचना मिलने पर भोगांव थाना प्रभारी निरीक्षक महाराज सिंह भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने रोटावेटर में फंसे शव को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू कराई, लेकिन इसी दौरान मृतक के बड़े पुत्र ने इसका विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का कहना था कि अधिकारियों की मौजूदगी में ही आगे की कार्रवाई की जाए।
स्थिति को तनावपूर्ण होते देख पुलिस ने एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल बुला लिया। अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया और उन्हें आवश्यक कानूनी प्रक्रिया की जानकारी दी। देर शाम तक पुलिस और परिजनों के बीच वार्ता का दौर चलता रहा।
ग्रामीणों के अनुसार, पेशकार सिंह शाक्य खेती-किसानी के साथ-साथ गांव में एक छोटी दुकान भी संचालित करते थे। वह लोगों को प्राथमिक उपचार और सामान्य दवाएं भी उपलब्ध कराते थे, जिसके कारण उनकी गांव में अच्छी पहचान थी। उनकी अचानक हुई मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मृतक अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र रवि और रोहित तथा तीन पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Location : Mainpuri
Published : 16 June 2026, 12:02 PM IST