मैनपुरी में रफ्तार का कहर, अज्ञात वाहन ने बाइक को रौंदा, तड़प कर युवक ने तोड़ा दम

मैनपुरी के औंछा थाना क्षेत्र के जसराना रोड पर देर रात एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे फिरोजाबाद निवासी 26 वर्षीय मोहित की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस वाहन की तलाश कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 12 June 2026, 12:18 PM IST

Mainpuri : मैनपुरी में जिले के औंछा थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक रिश्तेदारी से अपने गांव लौट रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। मृतक मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था और अपने पीछे पत्नी व दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है।

अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, फिरोजाबाद जनपद के खेड़ा गणेशपुर निवासी 26 वर्षीय मोहित पुत्र दामोदर अपने एक साथी के साथ मैनपुरी में रिश्तेदारी में आया हुआ था। देर रात करीब 10 बजे दोनों बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान औंछा थाना क्षेत्र के जसराना रोड पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

Mainpuri : फर्जी दस्तावेजों के सहारे किसान को बनाया भूमिहीन, अब इंसाफ के लिए दर-दर भटक रहा परिवार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि मोहित उछलकर सड़क किनारे जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

परिवार में मचा कोहराम

सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टर्स ने उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक मोहित के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने बताया कि मोहित मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Mainpuri News: सुबह-सुबह दुकान पहुंचा व्यापारी, दबंगों ने घेरकर बरसाए लाठी-डंडे… मचा हड़कंप

जांच में जुटी पुलिस

वहीं पुलिस हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वाहन की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Mainpuri

Published :  12 June 2026, 12:18 PM IST