हिंदी
महोबा विधायक बृजभूषण राजपूत के साथ सड़क हादसा (Img: Dynamite News)
Mahoba: यूपी के महोबा जिले में चरखारी से बीजेपी विधायक बृजभूषण राजपूत बीती रात एक भीषण सड़क हादसे में बाल-बाल बचे। बताया जा रहा है कि वह एक कार्यक्रम से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान संकट मोचन मंदिर, खरेला के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनके काफिले के एस्कॉर्ट वाहन को जोर से टक्कर मार दी। इस हादसे में सरकारी गनर, प्राइवेट गार्ड और चालक घायल हुए। सभी घायलों को तुरंत ही अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका इलाज जारी है।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, विधायक की कार सबसे आगे चल रही थी, जबकि उसके पीछे सुरक्षा में लगी स्कॉर्पियो एस्कॉर्ट गाड़ी थी। सामने से तेज रफ्तार में केला लदा ट्रक आता देखकर विधायक की कार चला रहे रविकांत मिश्रा ने तुरंत स्थिति को भांप लिया और कार को सड़क से नीचे उतार दिया। ड्राइवर की इसी सूझबूझ से विधायक की कार ट्रक की सीधी टक्कर से बच गई। कुछ ही सेकंड बाद ट्रक पीछे चल रही एस्कॉर्ट स्कॉर्पियो से जा भिड़ा।
Mainpuri: हाईवे पर दो ट्रकों की भीषण भिड़ंत, जानें केबिन में फंसे ड्राइवर की कैसे बची जान?
टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में सरकारी गनर श्याम सिंह, प्राइवेट गार्ड किशनपाल और चालक जितेंद्र घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी को वाहन से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे की तस्वीरें सामने आने के बाद लोग भी इसकी भयावहता का अंदाजा लगा रहे हैं।
घटना के बाद विधायक के पिता और पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत ने इस हादसे को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यह सिर्फ सड़क दुर्घटना नहीं लगती, बल्कि विधायक की हत्या की साजिश हो सकती है। उनके इस बयान के बाद मामले ने राजनीतिक रंग भी पकड़ लिया है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस मामले में किसी साजिश की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं से जांच की बात कही है।
बच्चों की जान से खिलवाड़… स्कूल वैन पर हुआ हमला, मासूमों की चीख सुन दौड़ी पुलिस
पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। ट्रक चालक, वाहन की गति और घटनास्थल के हालात समेत सभी बिंदुओं पर पड़ताल होगी। वहीं, विधायक के समर्थक और स्थानीय लोग भी पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। फिलहाल विधायक पूरी तरह सुरक्षित हैं, लेकिन इस हादसे ने वीआईपी सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और काफिले की व्यवस्था को लेकर कई सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।
Location : Mahoba
Published : 2 July 2026, 1:59 PM IST