बच्चों की जान से खिलवाड़… स्कूल वैन पर हुआ हमला, मासूमों की चीख सुन दौड़ी पुलिस

रायबरेली में स्कूल जा रहे बच्चों की सुबह उस समय डर में बदल गई, जब एक शख्स ने गुस्से में स्कूल वैन पर हमला कर दिया। कुछ ही मिनटों में वैन के शीशे टूट गए और बच्चे चीखने लगे। इस घटना में दो छात्र घायल हो गए।

Raebareli: रायबरेली के महराजगंज कस्बे में गुरुवार सुबह स्कूल जा रहे बच्चों के साथ कुछ ऐसा हुआ जिससे बच्चों में चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि सुबह करीब साढ़े सात बजे स्वदेश सरस्वती शिशु मंदिर की स्कूल वैन रोज की तरह बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। वैन पूरे रानी गांव से बच्चों को लेकर स्कूल की ओर जा रही थी।

हल्के धक्के के बाद भड़का साइकिल सवार

जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे खड़े साइकिल सवार अखिलेश मौर्य को स्कूल वैन से हल्का धक्का लग गया। इससे उसकी साइकिल गिर गई। इसी बात से नाराज होकर उसने वैन चालक से बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। चालक किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से हट गया, लेकिन इसके बाद आरोपी का गुस्सा स्कूल वैन पर उतर आया।

राम मंदिर दान चोरी मामला: आरोपी अविनाश से दो घंटे पूछताछ, वॉशरूम में छिपाए जाते थे दान के जेवर-नकदी का दाव

लाठी से तोड़े वैन के शीशे

आरोपी ने लाठी से स्कूल वैन के शीशों पर कई वार किए, जिससे कांच चकनाचूर हो गए। टूटे हुए शीशों के टुकड़े वैन में बैठे बच्चों पर जा गिरे। इस दौरान छात्र युवराज के चेहरे पर कांच लगने से वह घायल हो गया। एक अन्य छात्र को भी हल्की चोट आई। अचानक हुए इस हमले से वैन में बैठे सभी बच्चे बुरी तरह घबरा गए और रोने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही डायल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले बच्चों को सुरक्षित वैन से बाहर निकाला और स्थिति को शांत कराया। इसके बाद घायल छात्रों को प्राथमिक उपचार दिलाया गया। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए स्कूल वाहनों की सुरक्षा पर भी सवाल उठाए।

पंजाब में सियासी घमासान के बीच बेंगलुरु पहुंचे सीएम भगवंत मान, डिटॉक्स कार्यक्रम में होंगे शामिल; जानें क्या है उनका अगला प्लान

मामले को लेकर हुई कार्रवाई

स्कूल के प्रधानाध्यापक की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत दी गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Raebareli

Published :  2 July 2026, 1:32 PM IST

Advertisement