नेपाल बॉर्डर से जुड़े राइस मिल पर IT का बड़ा एक्शन! 24 घंटे से जारी छापेमारी में क्या मिला? करोड़ों कैश की चर्चा से मचा हड़कंप

महराजगंज के नौतनवा स्थित शंकर राइस मिल पर आयकर विभाग की छापेमारी पिछले 24 घंटे से जारी है। वित्तीय दस्तावेज, बैंक रिकॉर्ड और स्टॉक की जांच की जा रही है। सूत्रों के अनुसार करोड़ों रुपये नकदी और नेपाल सीमा से जुड़े कुछ दस्तावेज जांच के दायरे में हैं, हालांकि विभाग ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 30 July 2026, 2:54 PM IST

Maharajganj: भारत-नेपाल सीमा से सटे उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में आयकर विभाग की कार्रवाई ने राइस कारोबारियों में हलचल मचा दी है। नौतनवा थाना क्षेत्र के संपतिया स्थित शंकर राइस मिल पर आयकर विभाग की टीम पिछले 24 घंटे से लगातार जांच कर रही है। कार्रवाई के दौरान पूरे परिसर की निगरानी की जा रही है और अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों की गहन पड़ताल की जा रही है।

वित्तीय रिकॉर्ड और दस्तावेजों की हो रही जांच

सूत्रों के मुताबिक आयकर विभाग की टीम मिल के वित्तीय रिकॉर्ड, बैंक लेन-देन, खरीद-बिक्री के दस्तावेज, स्टॉक रजिस्टर और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की बारीकी से जांच कर रही है। इसके साथ ही मिल संचालकों और कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान बाहरी लोगों की आवाजाही पर भी नजर रखी जा रही है।

जिले के कारोबारियों में बढ़ी बेचैनी

आयकर विभाग की इस कार्रवाई का असर पूरे महराजगंज जिले के राइस उद्योग पर देखने को मिल रहा है। छापेमारी की खबर सामने आने के बाद कई राइस मिल संचालकों और कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है। बताया जा रहा है कि कई व्यापारी अपने वित्तीय रिकॉर्ड और दस्तावेजों की समीक्षा में जुट गए हैं।

महराजगंज में दर्दनाक हादसा: पोखरे में डूबा 30 साल का युवक, 2 घंटे बाद फायर ब्रिगेड ने निकाला शव

करोड़ों रुपये नकदी मिलने की चर्चा

स्थानीय सूत्रों का दावा है कि जांच के दौरान करीब दो करोड़ रुपये नकद मिलने की चर्चा है। इसके अलावा नेपाल सीमा से जुड़े कुछ कथित दस्तावेज भी जांच एजेंसियों के रडार पर हैं। हालांकि इन दावों की अभी तक आयकर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। विभाग ने न तो बरामदगी की जानकारी साझा की है और न ही कोई प्रेस विज्ञप्ति जारी की है।

1 घंटे में डिलीट की फिर भी हुई वायरल: RAF जवानों संग विवादित रील पर भड़के लोग, तो महिला क्रिएटर ने बोला…

आधिकारिक बयान का इंतजार

फिलहाल आयकर विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद विभाग पूरे मामले में आधिकारिक जानकारी जारी कर सकता है। जब तक विभाग की ओर से पुष्टि नहीं होती, तब तक नकदी और अन्य बरामदगी से जुड़ी जानकारियों को केवल सूत्रों के हवाले से ही देखा जा रहा है। जिले के कारोबारी और आम लोग इस कार्रवाई के नतीजों पर नजर बनाए हुए हैं।

Location :  Maharajganj

Published :  30 July 2026, 2:54 PM IST