हिंदी
राहुल सिंह की मौत के 51 दिन बाद भी नहीं मिला न्याय (Img: Dynamite News)
Maharajganj: युवा वैज्ञानिक स्वर्गीय राहुल सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के 51 दिन बाद भी मौत का रहस्य बरकरार होने का आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय सैथवार-मल्ल स्वाभिमान मोर्चा ने मामले की सीबीआई जांच की मांग उठाई है। गुरुवार को संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी महराजगंज को ज्ञापन सौंपकर राहुल सिंह की मौत से जुड़े तमाम पहलुओं की निष्पक्ष जांच कराने और यदि किसी की संलिप्तता सामने आए तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
राष्ट्रीय सैथवार-मल्ल स्वाभिमान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर मनोज सिंह के निर्देश पर जिलाध्यक्ष उपेंद्र सिंह की अगुवाई में संगठन का प्रतिनिधिमंडल 3 सितंबर को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा।
प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को दिए पत्रक में कहा कि सिसवा ब्लॉक के असमन छपरा गांव निवासी युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह की 14 जुलाई 2026 को लखनऊ के गोमतीनगर क्षेत्र में हैनिमन चौराहे के पास स्थित नोवोटेल होटल के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी।
संगठन ने कहा कि घटना के 51 दिन गुजर जाने के बाद भी राहुल सिंह की मौत से जुड़े सवालों का पूरी तरह जवाब सामने आना जरूरी है। महज 22 वर्ष की उम्र में प्रतिष्ठित युवा वैज्ञानिक के रूप में सम्मान हासिल करने वाले राहुल की मौत को लेकर परिवार और समाज में उठ रहे सवालों का जवाब निष्पक्ष जांच के जरिए ही सामने आ सकता है।
ज्ञापन में संगठन ने सरकार से मांग की कि मामले की जांच सीबीआई से कराई जाए, ताकि मौत के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां सामने आ सकें। संगठन का कहना है कि जांच के दौरान यदि किसी व्यक्ति की भूमिका या संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
राष्ट्रीय सैथवार-मल्ल स्वाभिमान मोर्चा ने सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं। पहली मांग स्वर्गीय राहुल सिंह की संदिग्ध मौत की सीबीआई जांच कराने की है। दूसरी मांग पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की है। वहीं तीसरी मांग परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की है।
Maharajganj News: निजी अस्पताल में युवक की मौत पर बवाल, इलाज से डॉक्टर की तैनाती तक कई सवाल
प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से आग्रह किया कि मामले को शासन तक पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाए। संगठन ने स्पष्ट किया कि 22 वर्षीय युवा वैज्ञानिक की मौत के पीछे की सच्चाई सामने आनी चाहिए और यदि किसी स्तर पर लापरवाही अथवा संलिप्तता सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
राहुल सिंह की मौत के 51 दिन बाद उठी सीबीआई जांच की मांग ने इस पूरे मामले को फिर सुर्खियों में ला दिया है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि सरकार और प्रशासन इस मांग पर क्या कदम उठाते हैं।
Location : Maharajganj
Published : 3 September 2026, 1:08 PM IST
Topics : CBI Investigation Demand crime news Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Rahul Singh Death Case UP Police