CHC से नवजात गायब! मां के बदलते बयानों ने बढ़ाया सस्पेंस, अस्पताल की सुरक्षा और स्टाफ पर उठे बड़े सवाल

महराजगंज के फरेंदा सीएचसी से ऑपरेशन के बाद जन्मी नवजात बच्ची के रहस्यमय ढंग से गायब होने का मामला सामने आया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मां के बयान बार-बार बदल रहे हैं, जिससे जांच और उलझ गई है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 15 July 2026, 4:31 PM IST

Maharajganj: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फरेंदा से ऑपरेशन के बाद जन्मी एक नवजात बच्ची के रहस्यमय तरीके से गायब होने का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। घटना 13 जुलाई की बताई जा रही है। इस मामले में प्रसूता के लगातार बदलते बयान, अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की भूमिका को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

मां के साथ प्रसव के लिए पहुंची थी महिला

जानकारी के अनुसार, फरेंदा क्षेत्र के ग्राम अगया निवासी उषा, पत्नी स्वर्गीय दुर्गेश, अपने मायके ग्राम शिकारपुर बान्हा से मां के साथ प्रसव के लिए सीएचसी फरेंदा पहुंची थीं। 13 जुलाई को चिकित्सक द्वारा ऑपरेशन के माध्यम से बच्ची का जन्म हुआ। आरोप है कि जन्म के कुछ समय बाद ही नवजात अस्पताल से रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गई।

ये भी पढ़ें- ममता की उंगली छूटी और निगल गया बस का पहिया! पंजाब में चालक की वो एक लापरवाही, जिसने उजाड़ दी हंसती-खेलती दुनिया

बार-बार बदल रहे प्रसूता के बयान

घटना के बाद जब प्रसूता से पूछताछ की गई तो उसने पहले कहा कि उसे नहीं पता बच्ची को कौन ले गया। इसके बाद उसने वार्ड में भर्ती एक महिला पर बच्ची ले जाने का आरोप लगाया। कुछ देर बाद उसने फिर अपना बयान बदलते हुए दावा किया कि बच्ची को ले जाने वाली महिला ने उसकी मां को कुछ रुपये दिए थे। प्रसूता के लगातार बदलते बयानों से पूरे मामले का रहस्य और गहरा गया है।

अस्पताल प्रशासन की ओर से प्रारंभिक जांच में वार्ड में भर्ती एक महिला पर संदेह जताया गया है। हालांकि, पूरे मामले की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। सबसे बड़ा सवाल यह है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील परिसर से नवजात कैसे गायब हो गई और घटना के तुरंत बाद इसकी सूचना न तो पुलिस को दी गई और न ही स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को।

ये भी पढ़ें- बाबा बनकर लोगों को फंसाने वाले ठगों का खेल खत्म, जीजा-साले की चालाकी का हुआ पर्दाफाश

पति का दो माह पहले हो चुका है निधन

प्रसूता ने बताया कि उसके पति का करीब दो महीने पहले निधन हो चुका है और उसके पहले से दो छोटे बच्चे हैं। घटना के समय ऑपरेशन करने वाली चिकित्सक भी अस्पताल में मौजूद नहीं थीं। वहीं, प्रसव कक्ष की सुरक्षा व्यवस्था, गेट पर निगरानी और ड्यूटी पर तैनात स्टाफ की कार्यप्रणाली भी जांच के दायरे में आ गई है। अस्पताल की एक महिला कर्मचारी द्वारा पूरी जिम्मेदारी सुरक्षा गार्ड पर डालने की कोशिश भी चर्चा का विषय बनी हुई है। फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग संयुक्त रूप से पूरे प्रकरण की जांच कर रहे हैं।

Location :  Maharajganj

Published :  15 July 2026, 4:31 PM IST